पिल्लई ने देवनानी को भेंट की स्वलिखित पुस्तकें
देवनानी ने राज्यपाल को भेंट की विधानसभा में नवाचारों का एक वर्ष प्रकाशन
अजमेर (अजमेर मुस्कान)। राजस्थान विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने मंगलवार को गोवा राजभवन में गोवा के राज्यपाल पी.एस. श्रीधरन पिल्लई से शिष्टाचार मुलाकात की। देवनानी की पिल्लई के साथ आधे घण्टे की इस मुलाकात में गोवा और राजस्थान के ऎतिहासिक, सामाजिक और आध्यात्मिक विषयों पर विचार-विमर्श हुआ। पिल्लई ने देवनानी को नव प्रकाशित पांच पुस्तकें भेंट की। श्री देवनानी को पिल्लई ने हेवनली आईस लैण्ड ऑफ गोवा, बेसिक स्ट्रक्चर एण्ड रिपब्लिक, बामन वृक्ष कला, ओह मिजोरम और अहिल्या चिन्ताकाल पुस्तके भेंट की। देवनानी ने पिल्लई को उनकी रचनाओं के लिए बधाई और शुभकामनाएं दी। देवनानी ने श्री पिल्लई को राजस्थान विधानसभा का स्मृति चिन्ह और राजस्थान विधानसभा में नवाचारों का एक वर्ष पुस्तक और विधानसभा की दैन्दिनी की प्रति भेंट की। गोवा के राज्यपाल ने देवनानी द्वारा विधानसभा में किये गये नवाचारों पर प्रसन्नता जाहिर करते हुए उनकी इन पहलों को देश के अन्य विधान मण्डलों के लिए अनुकरणीय बताया।
गोवा में सिंधी समाज ने किया देवनानी का अभिनन्दन
राजस्थान विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी के गोवा प्रवास के दौरान वहां के सिंधी समाज सहित अनेक सामाजिक संगठनों ने उनका अभिनन्दन किया। देवनानी का शॉल ओढाकर, साफा पहनाकर और स्मृति चिन्ह भेंट कर स्वागत किया गया। श्री देवनानी को गोवा के सिंधी समाज के कविता आसनानी, सन्नी नारंग, राजा मेलवानी और अनिल रहेजा ने गोवा में सिंधी समाज के उत्थान और विकास के लिए आवश्यकताओं पर चर्चा करते हुए समस्याओं के बारे में बताया।
मुख्यमंत्री से देवनानी की सिंधी समाज की समस्याओं पर चर्चा, मुख्यमंत्री ने देवनानी को समाधान के लिए किया आश्वस्त
देवनानी ने गोवा सिंधी समाज को गोवा में होने वाले फिल्म उत्सव को जोड़े जाने, गोवा में सिंधी अकादमी की स्थापना और सिंधी समाज को रियायती दर पर जमीन उपलब्ध कराने जैसे बिन्दुओं पर मौके पर ही गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत से चर्चा की। राजस्थान विधानसभा अध्यक्ष देवनानी को गोवा के मुख्यमंत्री ने गोवा के सिंधी समाज की उनके द्वारा बताई गई समस्याओं के शीघ्र समाधान के लिए आश्वस्त किया।
आध्यात्मिक स्थलों के किये दर्शन
अध्यक्ष देवनानी ने अपनी दो दिवसीय गोवा यात्रा के दौरान वहां के प्रमुख ऎतिहासिक, सामाजिक और आध्यात्मिक स्थलों का अवलोकन किया। देवनानी ने मंगलवार को प्रातः गोवा के प्रसिद्ध श्रीमंगुएस मंदिर, श्रीमहालासा मंदिर और श्रीमहालक्ष्मी मंदिर के दर्शन किये। देवनानी ने आध्यात्मिक स्थलों पर पूजा-अर्चना कर देश और प्रदेश की खुशहाली की कामना की।
0 टिप्पणियाँ