Ticker

6/recent/ticker-posts

अजमेर : तारागढ़ पर आरएसी तैनात, संदिग्धों पर होगी प्रभावी निगरानी

तारागढ़ पर आरएसी तैनात, संदिग्धों पर होगी प्रभावी निगरानी

आनासागर के किनारे बनी आवासीय कॉलोनियां सुरक्षित रहेंगी - देवनानी

अजमेर (अजमेर मुस्कान)। राजस्थान विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी के निर्देश के बाद अजमेर के तारागढ़ दुर्ग पर आरएसी की टुकड़ी तैनात कर दी गई है। जिला पुलिस अधीक्षक वंदिता राणा के आदेश के बाद 12 मार्च को 10 पुलिस जवानों और अधिकारियों की टुकड़ी ने तारागढ़ पर मोर्चा संभाल लिया है। आरएसी की यह चौकी स्थायी रूप से चौबीस घंटे तारागढ़ पर रहेगी। तारागढ़ पर संदिग्ध लोगों की आवाजाही की शिकायतों के आधार पर विधानसभा अध्यक्ष देवनानी ने पुलिस को प्रभावी निगरानी के निर्देश दिए थे। देवनानी के निर्देश के बाद ही आरएसी की चौकी स्थापित हुई है। असल में अजमेर के दरगाह क्षेत्र में बांग्लादेशी घुसपैठियों का भी जोर रहा है। हाल ही में पुलिस ने अभियान चलाकर कुछ घुसपैठियों को पकड़ा भी है।  चूंकि तारागढ़ भी दरगाह क्षेत्र से जुड़ा हुआ है, इसलिए प्रभावी निगरानी की मांग होती रही है। आरएएसी की स्थायी चौकी के बाद अपराधों पर भी नियंत्रण पाया जा सकेगा।

आवासीय कॉलोनियां सुरक्षित रहेंगी

अजमेर स्मार्ट सिटी के निर्माण कार्यों पर चल रही जेसीबी के मद्देनजर अजमेर उत्तर के विधायक और विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने आनासागर के किनारे बसी आवासीय कॉलोनियों के नागरिकों को भरोसा दिलाया है कि उनके घरों को तोड़ा नहीं जाएगा। देवनानी ने बताया कि किसी भी मकान को नहीं तोड़ने के निर्देश जिला प्रशासन को दिए गए है। देवनानी ने कहा कि स्मार्ट सिटी के कुछ निर्माणों पर उन्होंने विधायक रहते हुए ऐतराज जताया था, लेकिन कांग्रेस के पिछले शासन में अधिकारियों ने उनकी नहीं सुनी। कांग्रेस शासन में पाथवे की आड़ में जो निर्माण हुए उसका भी विरोध किया गया था। आनासागर के भराव क्षेत्र में बनाए गए सेवन वंडर, फूड कोर्ट आदि के निर्माणों पर भी उन्होंने आपत्ति दर्ज कराई थी। अब कांग्रेस के शासन के अधिकारियों की गलती की वजह का खामियाजा शहर के लोगों को उठाना पड़ा रहा है। देवनानी ने कहा कि मौजूदा समय में स्मार्ट सिटी के निर्माणों को तोड़ने का जो कार्यवाही हो रही है, वह भी एनजीटी और सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों के अनुसार है। चूंकि 17 मार्च को राज्य के मुख्य सचिव को सुप्रीम कोर्ट में उपस्थित होना है, इसलिए एनजीटी के आदेश के अनुरूप स्मार्ट सिटी के कुछ निर्माणों को हटाया जा रहा है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ