Ticker

6/recent/ticker-posts

भदेल ने 110 लाख के नाली निर्माण कार्य का किया शिलान्यास

भदेल ने 110 लाख के नाली निर्माण कार्य का किया शिलान्यास

सवा 3 किलोमीटर से अधिक लम्बाई में होगा विकास कार्य

अजमेर (अजमेर मुस्कान)। अजमेर दक्षिण विधायक अनिता भदेल द्वारा रविवार को नाली निर्माण कार्य का शिलान्यास किया गया। इसकी लागत 110 लाख रूपए है। इससे क्षेत्र के निवासियों को राहत मिलेगी। स्थानीय पार्षद रजनीश चौहान एवं नागरिकों ने नाली निर्माण कार्य के लिए विधायक  भदेल का अभिनन्दन किया। 

पूर्व मंत्री एवं अजमेर दक्षिण विधायक अनिता भदेल ने कहा कि ज्वाला प्रसाद नगर मदार क्षेत्र के निवासियों की लम्बे समय से नाली निर्माण की मांग रही है। जे पी नगर बसने के समय ही नाली निर्माण किया गया था। इसके पश्चात सड़क निर्माण का कार्य कई बार कराया गया था। अब नाली निर्माण का कार्य वृहद् स्तर पर कराया जाएगा। इसके लिए अजमेर विकास प्राधिकरण के द्वारा तकमीना बनाकर स्वीकृति जारी की गई। इसकी लागत एक करोड़ 10 लाख से अधिक है। 

उन्होंने कहा कि निर्मित नाली की लम्बाई 3 किलोमीटर 200 मीटर से अधिक होगी। इसका निर्माण मौके की आवश्यकता के अनुसार आरसीसी अथवा पत्थर की चुनाई से करवाया जाएगा। नाली का निर्माण कार्य दीपावली के तुरन्त पश्चात आरम्भ हो जाएगा। निर्माण कार्य को तेजी से तथा निर्धारित समयावधि में बनवाने के लिए अजमेर विकास प्राधिकरण के अधिकारियों द्वारा लगातार मॉनिटरिंग की जाएगी। इसके बनने से क्षेत्र में साफ-सफाई उत्तम रहेगी। स्वस्थ भारत-स्वच्छ भारत का सपना साकार होगा। 

उन्होंने कहा कि बनने वाली नाली का लेवल सही रखने के लिए समस्त निवासियों का सहयोग अपेक्षित है। स्वतः सफाई तथा सुगम जल निकासी के लिए लेवल सही होना आवश्यक है। इसके लिए आवश्यकता होने पर रेम्प आदि हटाकर निर्माण कार्य करवाया जाए। नाली निर्माण के समय गन्दे पानी का उचित डाइवर्जन सुनिश्चित किया जाए। गुणवत्तापूर्ण निर्माण कार्य सुनिश्चित करने के लिए जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी लगातार मॉनिटरिंग करेंगे। 

उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा राज्य का लगातार विकास किया जा रहा है। राष्ट्रवादी विचारधारा के समस्त मुख्यमंत्रियों भैरोंसिंह शेखावत,  वसुन्धरा राजे द्वारा राज्य को विकास की नई ऊंचाइयां प्रदान की गई। वर्तमान में मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा द्वारा बजट घोषणाओं में सम्पूर्ण राज्य के साथ-साथ अजमेर दक्षिण विधानसभा क्षेत्र को भी विकास की अनगिनत सौगातें प्रदान की गई है। 

उन्होंने कहा कि शंकर मन्दिर के पास 51 लाख की लागत से सामुदायिक भवन का निर्माण कार्य जल्द ही आरम्भ किया जाएगा। इसका कार्य इसी वर्ष में पूर्ण करवाकर आमजन के लिए उपलब्ध होगा। इसी प्रकार हाऊसिंग बोर्ड के लिए भी सामुदायिक भवन की स्वीकृति जारी हो गई है। इसका निर्माण भी अजमेर विकास प्राधिकरण के द्वारा जल्दी आरम्भ किया जाएगा। क्षेत्र में नया सैटेलाईट हॉस्पिटल एवं जीएनएम प्रशिक्षण केन्द्र भी खोला जाएगा। 

उन्होंने कहा कि जेपी नगर क्षेत्र में कानून एवं शान्ति व्यवस्था बनाए रखने के लिए नया पुलिस थाना स्वीकृत किया गया है। यहां कानून एवं शान्ति व्यवस्था रहने से रोजगार के अवसर बढ़ेंगे। रोजगार में वृद्धि के लिए सरकार द्वारा चलाए जा रहे राइजिंग राजस्थान के माध्यम से नया निवेश एवं इण्डस्ट्री स्थापित होंगे। पेयजल की समस्या के स्थाई समाधान के लिए ईआरसीपी परियोजना से पानी उपलब्ध होगा। यह पानी सिंचाई के लिए भी काम में लिया जा सकेगा। अयोध्या में भगवान श्री राम का भव्य मन्दिर बनने के पश्चात यह पहली दीपावली है। यह दीपावली सभी के जीवन में समृद्धि एवं प्रकाश लेकर आए। 

झलकारी बाई मंडल अध्यक्ष हेमन्त सांखला ने कहा कि वार्ड संख्या 55 में लगातार विकास की गंगा बह रही है। इस तरह के विकास कार्य आगे भी करवाए जाते रहेंगे। पार्षद श्री रजनीश चौहान ने कहा कि जे पी नगर के मुख्य मार्ग को चौड़ा करने के लिए कार्य जल्द ही आरम्भ होगा। कुछ ही समय में 15 करोड़ से अधिक राशि के विकास कार्य करवाए जाएंगे। 

इस अवसर पर महामंत्री सुंदर सिंह टांक, सोनू माखीजानी, शक्ति केंद्र संयोजक इंद्रवीर सिंह चुंडावत, सनी नरनोलिया, राजेंद्र शर्मा, देवेंद्र, महावीर बना, जगदीश यादव, रणजीत सिंह, राजेंद्र शर्मा, मानवेंद्र सिंह चौधरी, मानक चंद, उमेश, सुंदर, राजेश, भागचंद गुर्जर, भूमि कोरानी, भावना, किरण सहित अन्य कार्यकर्ता एवं गणमान्य क्षेत्रावासी उपस्थित रहे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ