Ticker

6/recent/ticker-posts

स्मार्ट सिटी अजमेर कार्यों की हुई समीक्षा

स्मार्ट सिटी अजमेर कार्यों की हुई समीक्षा

अजमेर (अजमेर मुस्कान)।
स्मार्ट सिटी के कार्यों की समीक्षा के साथ-साथ विकास कार्यों का अवलोकन कर आवश्यक निर्देश प्रदान किए गए।

अजमेर स्मार्ट सिटी लिमिटेड के मुख्य कार्यकारी अधिकारी एवं जिला कलेक्टर लोक बन्धु की अध्यक्षता में स्मार्ट सिटी के कार्यों की समीक्षा बैठक आयोजित हुई। इससे स्मार्ट सिटी के अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी एवं आयुक्त नगर निगम देशल दान एवं स्मार्ट सिटी के अन्य विभागों के अधिकारीगण उपस्थित रहे। बैठक में स्मार्ट सिटी की वित्तीय स्थिति के बारे में विस्तार से चर्चा की गई। परियोजना के प्रगतिरत कार्यों की वर्तमान स्थिति के बारे में जानकारी ली। इन कार्यों को निर्धारित समयावधि में पूर्ण करने के लिए निर्देशित किया गया।

उन्होंने प्रगतिरत परियोजनाओं की समीक्षा के दौरान समस्त विभागों के साथ आपसी समन्वय से कार्य करने के लिए कहा। न्यायालयों में विचाराधीन प्रकरणों में स्मार्ट सिटी का पक्ष मजबूती के साथ रखने के निर्देश दिए। समस्त कार्यों की मॉनिटरिंग दैनिक आधार पर की जाएगी। प्रतिदिन के निर्धारित लक्ष्यों को उसी दिन पूर्ण करने के लिए सम्बन्धित को पाबन्द किया जाए। इससे निर्माण कार्य में तेजी आएगी।

स्मार्ट सिटी परियोजना के माध्यम से निर्माणाधीन नवीन कलेक्ट्रेट भवन का बुधवार का जिला कलेक्टर लोक बन्धु ने नगर निगम आयुक्त देशल दान एवं स्मार्ट सिटी परियोजना के अधिकारियों के साथ अवलोकन किया। इस दौरान जिला कलक्टर ने निर्माण कार्य निर्धारित मानकों के अनुसार करने के निर्देश प्रदान किए। नवीन कलेक्ट्रेट भवन से आमजन सुविधा होगी। इस कारण कार्य को त्वरित गति से किया जाए। निर्माण गुणवत्तापूर्ण होना चाहिए। अधिकारियों को नियमित मॉनिटरिंग करने के लिए कहा। ठेकेदार से नियमित सम्पर्क में रहकर कार्य की गति बढ़ाएं। सुरक्षा मानकों का भी ध्यान रखा जाए। छत की मजबूती पर विशेष ध्यान दें। इसी प्रकार शौचालयों तथा अन्य स्थानों से जल निकासी का तंत्र सही होना चाहिए। पार्किंग क्षेत्र के बारे में भी निर्देश प्रदान किए।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ