Ticker

6/recent/ticker-posts

प्रधानमंत्री जन विकास कार्यक्रम : दरगाह क्षेत्र के लिए विकास कार्यो पर हुई चर्चा

प्रधानमंत्री जन विकास कार्यक्रम : दरगाह क्षेत्र के लिए विकास कार्यो पर हुई चर्चा

अजमेर (अजमेर मुस्कान)।
प्रधानमंत्री जन विकास कार्यक्रम (पीएमजेवीके) के अन्तर्गत दरगाह क्षेत्र में विभिन्न विकास कार्य करवाने के सम्बन्ध में बैठक का आयोजन अल्पसंख्यक कार्य मंत्रालय भारत सरकार के अवर सचिव  के. आर. मीना की अध्यक्षता में हुआ। इसमें संभागीय आयुक्त महेश चन्द्र शर्मा एवं जिला कलक्टर डॉ. भारती दीक्षित ने दरगाह क्षेत्र के लिए आवश्यक विकास कार्यों की जानकारी दी।

अल्पसंख्यक कार्य मंत्रालय भारत सरकार के अवर सचिव के.आर. मीना ने कहा कि ख्वाजा गरीब नवाज की दरगाह अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान रखती है। दरगाह क्षेत्र में विकास कार्य प्रधानमंत्री जन विकास कार्यक्रम (पीएमजेवीके) के माध्यम से करवाए जाएंगे। इस सम्बन्ध में विभिन्न विभागों एवं व्यक्तियों के साथ चर्चा की गई। इसमें जायरीन को सुविधाजनक जियारत के लिए आवश्यक सुविधाओं की प्राथमिकता तय करने के निर्देश प्रदान किए गए है। विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी के साथ इस सम्बन्ध में गुरूवार को विचार विमर्श किया गया था। उनके द्वारा दिए गए सुझावों के सम्बन्ध में भी विचार विमर्श किया गया।

उन्होंने कहा कि देहली गेट से निजाम गेट तक जायरीन के लिए सुगम आवाजाही सुनिश्चित करने पर चर्चा की गई। मुख्य मार्ग पर फिसलन रहित फर्श बिछाने का सुझाव सामने आया। दरगाह के चारों ओर की सड़क पर से वास्तविक माप से आगे हुए अतिक्रमण को भी हटाया जाएगा। सुविधाओं के लिए कॉमन फेसीलिटी डक्ट बनाने की सम्भावना के मूर्त होने से विभिन्न तारों एवं पाईपों को आसानी से डाला जा सकेगा। जायरीन के लिए देहली गेट के पास क्लॉक रूम बनाने पर भी विचार किया गया। देहली गेट पर ही जूतों का बड़ा स्टेण्ड बनाने के बारे में चर्चा हुई। इसी प्रकार का जूता स्टेण्ड त्रिपोलिया गेट के पास भी बनाया जा सकता है।

उन्होंने कहा कि दरगाह क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जाए। सुरक्षा का कार्य प्रशिक्षित दल के द्वारा करवाए जाने की आवश्यकता अनुभव की गई। इसी प्रकार कायड़ विश्राम स्थली में भी विकास कार्य करवाए जाएंगे। जायरीन की सुविधा के लिए अतिरिक्त सुविधाएं उपलब्ध करवाने पर चर्चा हुई। यहां शिल्पकारों के लिए बाजार उपलब्ध करवाया जा सकता है। धार्मिक क्रियाकलापों के लिए सूफी केन्द्र की स्थापना करने पर भी चर्चा की गई।

इस अवसर पर दरगाह कमेटी के नाजिम एवं अल्पसंख्यक कार्य मंत्रालय भारत सरकार के उप सचिव नजीम अहमद, अतिरिक्त जिला मजिस्ट्रेट गजेन्द्र सिंह राठौड़, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. दुर्ग सिंह, सहायक नाजिम मोहम्मद आदिल सहित विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ