Ticker

6/recent/ticker-posts

पेराफेरी में आबादी विस्तार और बारिश से पूर्व ड्रेनेज और जलभराव समस्या का निराकरण करें - देवनानी

विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी

विधानसभा अध्यक्ष ने जिला कलेक्टर व एडीए आयुक्त को दिए निर्देश

अजमेर (अजमेर मुस्कान)। विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने निर्देश दिए हैं कि जिला प्रशासन अजमेर उत्तर विधानसभा क्षेत्र के पेराफेरी गांवों में आबादी विस्तार का कार्य जुलाई तक पूर्ण करे। उन्होंने कहा कि बारिश के पूर्व ड्रेनेज और जलभराव की समस्या को चिंहित कर बचाव के इंतजाम कर लिए जाएं। शहर में सीवरेज के मेनहोल की समस्या भी सुधार ली जाए।

विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने गुरूवार को सर्किट हाउस में जिला कलेक्टर डॉ. भारती दीक्षित एवं एडीए आयुक्त नित्या के. से शहर के विकास को लेकर चर्चा की। उन्होंने कहा कि अजमेर उत्तर विधानसभा क्षेत्र के पेराफेरी गांवों में लम्बे समय से आबादी विस्तार नहीं हुआ है। ग्रामीणों को समस्या का सामना करना पड़ रहा है। पेराफेरी गांवों में आबादी विस्तार की तुरंत जरूरत है। आबादी विस्तार का कार्य जुलाई तक पूर्ण कर लिया जाए। इसी तरह फॉयसागर रोड़ एवं हाउसिंग बोर्ड की कॉलोनियॉं नगर निगम के अधिकार क्षेत्र में नहीं होने के कारण वहां सफाई, रोशनी, नक्शा एवं अन्य विकास कार्य नहीं हो पा रहे हैं। इन कॉलोनियों को यथाशीघ्र नगर निगम को हस्तांतरित किया जाए।

उन्होंने निर्देश दिए कि आने वाले दिनों में बारिश को ध्यान में रखते हुए फॉयसागर एवं आनासागर झील के ओवर फ्लो पानी से बस्तियों को बचाने, ड्रेनेज एवं निकासी को उचित व्यवस्था की जाए। सड़कों पर पानी नहीं भरना चाहिए। शहर में सीवरेज की समस्या का हल निकाला जाए। सड़कों पर सीवरेज के मेनहोल के ढक्कन खुले हैं, जगह-जगह गड्ढे हैं, इससे दुर्घटनाओं की आशंका बढ़ गई है। इसे शीघ्र सुधारा जाए। आनासागर व फॉयसागर झील में आने वाले पानी के ट्रीटमेंट के लिए नए ट्रीटमेंट प्लांट स्थापित किए जाएं। नालों पर मिनी एसटीपी बनाए जाएं ताकि पूरा पानी साफ होकर ही झील में जाए। सीवरेज चैम्बरों की नियमित सफाई हो।

जिला कलेक्टर ने बताया कि फॉयसागर झील के चारों तरफ चारदीवारी बनाने के लिए 5 करोड़ रूपए की योजना स्वीकृत की गई है। पिछले दिनों देवनानी ने इसके लिए निर्देशित किया था। उन्होंने एडीए को निर्देश दिए कि कोटड़ा स्थित विवेकानंद पार्क में स्वामी विवेकानंद की मूर्ति स्थापना की जाए। नगर निगम के नए भवन के पास उच्च क्षमता का नया सभागार बनवाया जाए। पार्कों का जीर्णोद्धार व ओपन जिम की मरम्मत करवाई जाए। जहां जिम नहीं है, वहां नए प्रस्ताव बनाए जाएं। मित्तल अस्पताल से टेलीफोन एक्सचेज तक सड़क तैयार करवाई जाए। नई आवासीय योजनाएं विकसित की जाए। शास्त्री नगर से लोहागल तक स्ट्रीट लाइट लगवाई जाएं। बांडी नदी के दोनों तरफ पाथ वे निर्मित करवाया जाए।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ