Ticker

6/recent/ticker-posts

मतदाता जागरूकता मैराथन का हुआ आयोजन

मतदाता जागरूकता मैराथन का हुआ आयोजन

अजमेर (अजमेर मुस्कान)।
विधानसभा आम चुनाव 2023 के लिए मतदाता जागरूकता मैराथन का आयोजन सोमवार को बजरंगगढ़ चौराहे से किया गया। इसे सम्भागीय आयुक्त सी.आर. मीणा ने हरी झण्डी दिखाकर रवाना किया।

उप जिला निर्वाचन अधिकारी राजेन्द्र सिंह ने बताया कि जिले में मतदाता जागरूकता  के लिए स्वीप गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है। जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी ललित गोयल स्वीप प्रकोष्ठ के नोडल अधिकारी है।  स्वीप के माध्यम से एक मतदाता जागरूकता मैराथन का आयोजन सोमवार को प्रातः किया गया। यह रैली बजरंग गढ़ से एनसीसी ऑफिस से पुरानी चौपाटी से सीनेमॉल से पुनः बजरंगढ़ तक पहुंची। इस रैली को सम्भागीय आयुक्त श्री सी.आर. मीणा तथा प्रशिक्षु आईएएस श्रृद्धा गोमे ने हरी झण्डी दिखाकर रवाना किया। मतदान की शपथ भी दिलाई गई।

निर्वाचन आईकन अल्ट्रारनर सूफिया सूफी ने प्रतिभागियों को मतदान की महत्ता पर प्रकाश डाला। सम्भागीय आयुक्त सी.आर.मीणा ने कहा कि शत प्रतिशत मतदान  से लोकतन्त्र मजबूत होगा। श्रृद्धा गोमें ने कहा कि मताधिकार का प्रयोग अवश्य करें। इसे कर्तव्य समझकर अपना फर्ज निभाएं। जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी श्री ललित गोयल ने धन्यवाद ज्ञापित किया। रैली में राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय सावित्री, रामगंंज, जवाहर, पुलिस लाईन, लोहाखान, तोपदड़ा, ओसवाल, पट्टी कटला, केन्द्रीय, नया बाजार, भगवानगंज तथा महात्मा गांधी वैशाली नगर के विद्यार्थियों ने भाग लिया। 

उन्होंने बताया कि अल्ट्रारनर सूफिया सूफी अजमेर की बेटी है। सूफिया ने 5 गिनिज बुक ऑफ वल्र्ड रिकॉर्ड बनाकर अजमेर का नाम रोशन किया है। ट्रांस इंडिया रन 2019  में कश्मीर से कन्याकुमारी तक 4 हजार की दूरी को 87 दिनों में दौड़कर तय किया। इससे अपना वल्र्ड रिकार्ड  बनाया। स्वर्णिम चतुर्भुज दौड़ 2021 में 6 हजार किलोमीटर की दूरी को 110 दिनों में पूरा किया। इसमें पिछला रिकॉर्ड 82 दिनों के अन्तर से तोड़ दिया। विश्व की सबसे लम्बी दौड़ पूरा करने वाली धावक बनी। हिमालयन अल्ट्रा रन 2021 में मनाली से लेह तक हिमाचल के सबसे चुनौतीपूर्ण सड़क पर 156 घन्टों में पूरी कर विश्व की सबसे तेज महिला धावक बन तीसरा वल्र्ड रिकॉर्ड बनाया। सियाचीन बेस केम्प से कारगिल युद्ध स्मारक रन 2022 में दौड़ कर पहली महिला धावक बनी। कतर अल्ट्रा मैराथन  200 किलोमीटर की दूरी को 30 घण्टे में दौड़ कर नया विश्व कीर्तिमान बनाया। मनाली से लेह तक हाल ही में अगस्त 2023 में मनाली से लेह तक दौड की। पांच उच्च दर्रों को पार कर इस दौड़ को 98 घंटे और 27 मिनट में पूरा किया। पिछले विश्व रिकॉर्ड को 20 घंटे से अधिक के अन्तर से तोड़ा। महिला-पुरूष दोनों श्रेणियों में सबसे तेज दौड़ने वाले खिलाड़ी का खिताब प्राप्त कर पांचवा वल्र्ड रिकॉर्ड बनाया।

इस अवसर पर अन्तर्राष्ट्रीय पहलवान सौरभ बजाड़, जिला शिक्षा अधिकारी अनिल कुमार जोशी, स्वीप प्रकोष्ठ की सहायक नोडल दर्शना शर्मा सहित अधिकारी, बीएलओ एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ