Ticker

6/recent/ticker-posts

51 लाख से अधिक पेंशनरों के बैंक खातों में 1005 करोड़ 41 लाख 28750 रुपए हस्तांतरित


सामाजिक सुरक्षा और रोजगार गारंटी पर बनाएंगे एक्ट : मुख्यमंत्री

मुख्यमंत्री निवास पर राज्य स्तरीय सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना लाभार्थी संवाद

मई-जून माह की बढ़ी हुई पेंशन राशि हस्तांतरित

लाभार्थियों ने कहा, आपने हमारी समस्याओं का किया समाधान

अजमेर (अजमेर मुस्कान)। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने मंगलवार को प्रदेश के 51 लाख 21 हजार 969 पेंशनरों के बैंक खातों में 1005 करोड़ 41 लाख 28 हजार 750 रुपए हस्तांतरित किए। उन्होंने मुख्यमंत्री निवास पर राज्य स्तरीय सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना लाभार्थी संवाद कार्यक्रम में मई-जून माह की बढ़ी हुई पेंशन राशि (न्यूनतम 1000 रुपए) डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर से भेजकर राहत पहुंचाई। उन्होंने कहा कि प्रदेशवासियों को महंगाई से राहत और उनकी सामाजिक सुरक्षा हमारी नैतिक जिम्मेदारी है।

गहलोत ने लाभार्थी संवाद कार्यक्रम में कहा कि आमजन को न्यूनतम आय और सामाजिक सुरक्षा प्रदान करने में कमी नहीं रखी जाएगी। इसी भावना को लेकर राजस्थान विधानसभा के आगामी सत्र में सामाजिक सुरक्षा पेंशन और रोजगार गारंटी को लेकर एक्ट बनाएंगे। इससे प्रतिमाह न्यूनतम पेंशन राशि सहित हर वर्ष 15 प्रतिशत बढ़ोतरी सुनिश्चित की जाएगी। महात्मा गांधी नरेगा योजना और इंदिरा गांधी शहरी रोजगार गारंटी योजना के तहत राजस्थान में न्यूनतम 125 दिन का रोजगार सुनिश्चित करेंगे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सामाजिक सुरक्षा पेंशन राजस्थान सरकार के सामाजिक सुरक्षा मॉडल का प्रमुख अंग है। पेंशन आपका मान-सम्मान है। इसलिए राज्य सरकार सामाजिक और आर्थिक सम्बल प्रदान करने के हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि केंद्र में पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह के नेतृत्व में देशवासियों को खाद्य सुरक्षा, सूचना, रोजगार और शिक्षा की गारंटी दी गई। अब वर्तमान केंद्र सरकार को भी पूरे देश में एक समान सामाजिक सुरक्षा कानून बनाना चाहिए। ताकि जरूरतमंदों को सहायता मिले।

स्मार्ट फोन इसी माह से होंगे वितरित

गहलोत ने कहा कि प्रथम चरण में 40 लाख महिलाओं को इसी माह से स्मार्ट फोन 3 साल की इंटरनेट सुविधा के साथ वितरित किए जाएंगे। इससे वे जनकल्याणकारी योजनाओं से सीधे जुड़ सकेंगी। साथ ही शीघ्र ही मुख्यमंत्री निःशुल्क अन्नपूर्णा फूड पैकेट योजना में राशन पैकेट का वितरण भी आरम्भ किया जाएगा। उन्होंने कहा कि चिकित्सा, शिक्षा, रोजगार सहित हर क्षेत्र में सर्वांगीण विकास से राजस्थान वर्ष 2030 तक देश के अग्रणी राज्यों में शामिल हो जाएगा।

मुख्यमंत्री का लाभार्थियों से सीधा संवाद

लाभार्थियों ने कहा, आपने हमारी हर तकलीफ दूर की

खाते में पेंशन की बढ़ी हुई राशि आई है। पालनहार योजना में भी सहायता राशि बढने से सम्बल मिला है। सरकारी स्कूलों में सुविधाएं बढ़ने से बच्चों को बेहतर शिक्षा मिल रही है। बबली, अजमेर

मेरी जैसी जरूरतमंद महिलाओं को बढ़ाकर पेंशन दी, आपका आभार। राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं ने हर वर्ग को लाभ पहुंचाया है। -श्रीमती कविता जोशी, बारां

राज्य सरकार गरीबों का पालन-पोषण और उनके जीवनयापन में मदद कर रही है। राहत का यह सिलसिला आगे भी निरन्तर जारी रहेगा। -श्रीमती पवित्र भार्गव, टोंक

मेरी पेंशन बढ़कर 1000 रुपए हो गई है। पालनहार योजना में भी 1000 की जगह 1500 रुपए प्रतिमाह की सहायता मिल रही है। महंगाई राहत कैम्पों में योजनाओं के लाभ से जीवन सुगम हो गया है। राकेश, बालोतरा

पेंशन बढ़ने के साथ ही बेटी की शादी में राज्य सरकार की ओर से 31 हजार रुपए की सहायता मिली। इसके लिए राज्य सरकार और आपको धन्यवाद। निर्मला, अनूपगढ़

मुख्यमंत्री चिरंजीवी स्वास्थ्य बीमा योजना के तहत बेटे का डेंगू का इलाज निःशुल्क हो गया। महंगाई राहत कैम्प में 7 योजनाओं का लाभ मिला है। लाभ से बचत बढ़ेगी और राहत मिलेगी। - महेशी बैरवा, गंगापुर सिटी

राज्य सरकार ने सम्मान से जीवन जीने का जो अधिकार दिया है। उसके लिए धन्यवाद दिया। पेंशन राशि में बढ़ोतरी और प्रतिवर्ष 15 प्रतिशत की स्वतः वृद्धि का कदम सराहनीय है। भवानी शर्मा, अलवर

कोरोना काल में भी बेहतरीन प्रबंधन किया। जरूरतमंद लोगों को निर्बाध सहायता पहुंचाई गई। बेहतर योजनाओं के साथ पेंशन अब बढ़कर मिलने से परिवार को लाभ मिलेगा। सूरजमल बैरवा, जयपुर

कार्यक्रम में सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री टीकाराम जूली ने कहा कि सामाजिक सुरक्षा पेंशन मिलने से जरूरतमंद आत्मसम्मान से जीवनयापन कर रहे हैं। उनका मान-सम्मान बढ़ा है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार बढ़ी पेंशन से प्रतिवर्ष 12 हजार करोड़ रुपए का भुगतान करेगी। इसमें केंद्र सरकार द्वारा लगभग 367 करोड़ रुपए का ही पुनर्भरण किया जाएगा। मुख्य सचिव श्रीमती उषा शर्मा ने कहा कि प्रदेश में 75 वर्ष के कम आयु के लगभग 68 लाख व्यक्तियों की पेंशन राशि में बढ़ोतरी हुई है। इससे जरूरतमंदों को सम्बल मिलेगा। 

कार्यक्रम में जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी मंत्री डॉ. महेश जोशी, खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री प्रताप सिंह खाचरियावास, सार्वजनिक निर्माण मंत्री भजनलाल जाटव, उच्च शिक्षा राज्यमंत्री राजेन्द्र यादव, कृषि विपणन राज्यमंत्री मुरारीलाल मीणा, तकनीकी शिक्षा राज्यमंत्री डॉ. सुभाष गर्ग, विधायक गंगा देवी, रफीक खान, अमीन कागजी, मनीषा पंवार, सामाजिक कार्यकर्ता निखिल डे सहित अन्य जनप्रतिनिधि, वरिष्ठ अधिकारी और लाभार्थी उपस्थित रहे। साथ ही विभिन्न जिलों से भी लाभार्थी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए समारोह से जुड़े।

अजमेर के लाभार्थियों को मिली 38 करोड़ की पेंशन

पेंशनर्स लाभार्थी उत्सव के दौरान मंगलवार को जिले के 2 लाख, 3 हजार 152 लाभार्थियों केे खाते में 38 करोड़ 78 लाख से अधिक राशि जमा हुई।

जिला कलक्टर डॉ. भारती दीक्षित ने बताया कि पेंशनर्स लाभार्थी उत्सव का आयोजन अजमेर, ब्यावर एवं केकड़ी में हुआ। इनमें मुख्यमंत्री गहलोत द्वारा बटन दबाकर जिले के 2 लाख 3 हजार 152 लाभार्थियों के खाते में पेंशन राशि हस्तान्तरित की गई। यह राशि 38 करोड़ 78 लाख से अधिक थी। बढ़ी हुई पेंशन राशि खाते में जमा हुई।

मुख्यमंत्री ने किया संवाद

ट्राम्बे बस्ती के माणकचन्द वृद्धावस्था पेंशन प्राप्त कर रहे है। माणकचन्द के खाते में धनराशि जमा हो गई। लगातार पेंशन राशि में बढ़ोतरी करने के लिए धन्यवाद दिया। इसी प्रकार पहाड़गंज शिव कॉलोनी की बबली एकल नारी  पेंशन योजना की लाभार्थी है। उनकी बेटीयों को भी पालनहार का लाभ मिल रहा है। पालनहार राशि में बढ़ोतरी से पढ़ाई का खर्च आसान हुआ है। महंगाई राहत कैम्प मेंं भी योजनाओं का लाभ मिला। किशनगढ़ के सुनिल कुमावत ने बताया कि वह इस बढ़ी हुई राशि का उपयोग बच्चों के लालन-पालन पर खर्च करेगा।

आरटीडीसी के अध्यक्ष धमेन्द्र राठौड़ ने कहा कि सरकार समाज के प्रत्येक वर्ग को योजनाओं से जोड़कर लाभान्वित कर रही है। सरकार महंगाई राहत कैम्पों के माध्यम से घर तक पहुंची है। सामाजिक सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए एक से बढ़कर एक कल्याणकारी योजनाएं लागु की गई। सरकार नें पेंशन राशि बढ़ाने के साथ ही प्रतिवर्ष बढ़ोत्तरी की भी व्यवस्था की गई। पुष्कर में विकास प्राधिकरण, बह्मा मन्दिर का जीर्णोद्वार तथा सरोवर में गन्दे पानी का प्रवेश रोकने की व्यवस्था की गई।

इस अवसर पर सम्भागीय आयुक्त सी.आर.मीणा, पूर्व विधायक डॉ. श्रीगोपाल बाहेती, अजमेर डेयरी के अध्यक्ष रामचन्द्र चौधरी, पूर्व जिला प्रमुख रामस्वरूप चौधरी, वृद्धजन कल्याण बोर्ड के उपाध्यक्ष राजेश टण्डन, अतिरिक्त जिला कलेक्टर राजेन्द्र सिंह, पूर्व प्रशासनिक अधिकारी सुरेश सिंधी, सामाजिक न्याय एवं अधिकारी विभाग के उपनिदेशक प्रफुल्ल चन्द्र चौबीसा, शिव नारायण बंसल, अजय कृष्ण तेगौर, सम्राट ऊंटड़ा सहित अधिकारी एवं प्रतिनिधि उपस्थित थे। 

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ