Ticker

6/recent/ticker-posts

गांधी मानवता का अतीत नहीं बल्कि विश्व का भविष्य - राठौड़

गांधी मानवता का अतीत नहीं बल्कि विश्व का भविष्य - राठौड़

गांधी दर्शन प्रशिक्षण शिविर

अजमेर ग्रामीण ब्लॉक स्तरीय गांधी दर्शन प्रशिक्षण शिविर संपन्न
देश के किसान व मजदूर अर्थव्यवस्था की धुरी-डॉ. बाहेती

अजमेर (अजमेर मुस्कान)। शांति एवं अहिंसा विभाग तथा महात्मा गांधी जीवन दर्शन समिति द्वारा जिला स्तरीय गांधी दर्शन प्रशिक्षण शिविर का आयोजन मंगलवार को रीट कार्यालय में हुआ।  

राजस्थान पर्यटन विकास निगम के अध्यक्ष धर्मेन्द्र राठौड़ ने गांधी दर्शन की प्रासंगिकता के बारे में प्रशिक्षणार्थियों के साथ चर्चा की। उन्होंने कहा कि गांधी दर्शन की प्रासंगिकता समय के साथ और बढ़ी है।महात्मा गांधी मानवता का अतीत नहीं होकर विश्व का भविष्य है। इसके माध्यम से विश्व की समस्त समस्याओं का समाधान किया जासकता है।

उन्होंने कहा कि महात्मा गांधी ने देशवासियों में राजनीतिक चेतना जागृत की। इसी का परिणाम रहा कि उनके आह्वान पर पूरा देश सहभागी बना। आजादी के संघर्ष में आमजन को जोड़कर शक्तिशाली सत्ता को मजबूर किया। उनका विराट व्यक्तित्व आजादी के संघर्ष की समस्त धाराओं के संगम के रूप में सामने आया। वर्तमान समय में सत्य के स्थान पर मिथ्या तथ्यों को प्रचारित करने का फैशन बन गया है। झूठ को बोलने के साथ फॉरवर्ड करना भी पाप है।

उन्होेंने कहा कि राजस्थान जैसी सामाजिक सुरक्षा की योजना देश के और किसी राज्य में नहीं है। देश ही नहीं अपितु विदेश में भी चिंरजीवी स्वास्थ्य बीमा योजना जैसी 25 लाख रूपए की स्वास्थ बीमा देने वाली योजना कहीं नहीं है। राज्य सरकार के नेतृत्व में राज्य में विकास की गंगा बह रही है। राज्य का ऎसा कोई क्षेत्र  गांव या ढाणी विकास की इस अविरल धारा से अछूता नही रहा है। राजस्थान गांधीजी के दर्शन के अनुरूप 12 महीने नन्दीशालाओं को अनुदान करने वाला देश का एकमात्र राज्य है। गांधीजी के विचारों के अनुरूप हम सब को संकलिप्त होकर वन पर्यावरण, इतिहास, कला एवं संस्कृति का संरक्षण करना होगा। नागरिकों मेें धार्मिक सोहार्द एवं शांति की भावना स्थापित करनी होगी।

महात्मा गांधी जीवन दर्शन समिति के संयोजक डॉ. श्रीगोपाल बाहेती ने कहा कि इस प्रशिक्षण का उद्देश्य आमजन के जीवन में गुणात्मक बदलाव लाना है। राज्य सरकार गांधी दर्शन पर केन्दि्रत होकर दीन दुखियों में ईश्वर को देखकर उनके कष्ट हरने का प्रयास कर रही है। राज्य सरकार के कोई भूखा ना सोए के संकल्प पर इन्दिरा रसोई का सुचारू संचालन हो रहा है। अन्तिम छोर तक बैठे व्यक्ति तक लाभ पहुंचना  सुनिश्चित किया जा रहा है। गांधी जी ने कहा था बिना सेवा जीवन व्यर्थ है।

उन्होंने कहा कि प्रशिक्षणार्थी गांधी दर्शन के पैरोकार की तरह कार्य करें। सरकार द्वारा फ्लैगशिप योजनाएं संचालित की जा रही है। इनका लाभ समाज के अन्तिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए सभी अपना योगदान दें। महात्मा गांधी के अनुसार देश के मजदूर और किसान अर्थव्यवस्था की धुरी है। सरकार की फ्लैगशिप योजनाओं की नवीनतम जानकारी प्रदान की जा रही है।  विश्व में अमन, चैन और शांति स्थापना के लिए गांधी दर्शन ही एकमात्र रास्ता है।

उन्होंने कहा कि सत्य के संधान का हथियार अहिंसा है। इस अहिंसा से व्यक्ति के मन, चित्त और आस्था को जीता जा सकता है। अहिंसा के मार्ग पर चलने वाले व्यक्तियों को अतिरिक्त तथा कठिन प्रशिक्षण की आवश्यकता रहती है। क्योंकि अहिंसा वीरोचित गुण है। गांधी के दर्शन को महत्वूपूर्ण बनाने वाला तत्व अहिंसा है। अहिंसा और सत्य के प्रति आग्रह रखना नैतिक मूल्य है। इनको अपनाने वाला सत्याग्रही सहनशील और धैर्यवान होता है।

प्रशिक्षण  शिविर  में सरकार की प्रमुख फ्लेगशिप योजनाओं की विभागीय अधिकारियों द्वारा जानकारी प्रदान की गई। जिला परिषद के सहायक मुख्य कार्यकारी अधिकारी विजय सिंह चौहान ने स्वच्छ भारत मिशन, प्रधानमंत्री आवास योजना एवं अन्य योजनाओं के बारे में बताया।

इस अवसर पर महात्मा गांधी जीवन दर्शन समिति के सह संयोजक शक्ति प्रताप सिंह, उपखण्ड अधिकारी महावीर सिंह, मुन्नी देवी शर्मा एवं अन्य गांधीवादी विचारकों ने भी विचार व्यक्त किए। शिविर में गांधीवादी उपस्थित रहे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ