Ticker

6/recent/ticker-posts

पुष्कर में अन्तर्राष्ट्रीय होली महोत्सव की धूम, 4 से 7 मार्च तक होंगे विविध आयोजन

पुष्कर में अन्तर्राष्ट्रीय होली महोत्सव की धूम, 4 से 7 मार्च तक होंगे विविध आयोजन

पहले दिन सरोवर पर महाआरती और ब्रह्मावाटिका पर शास्त्रीय गायिका विद्या शाह की संगीत संध्या

अजमेर (अजमेर मुस्कान)। पर्यटन विभाग एवं राजस्थान पर्यटन विकास निगम के द्वारा पुष्कर में अन्तर्राष्ट्रीय होली महोत्सव का आयोजन 4 से 7 मार्च तक किया जाएगा।

राजस्थान पर्यटन विकास के अध्यक्ष धर्मेन्द्र राठौड़ ने बताया कि पुष्कर के होली महोत्सव को अन्तर्राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने के लिए अन्तर्राष्ट्रीय होली महोत्सव पुष्कर 2023 का आयोजन किया जा रहा है। इससे परम्परागत होली उत्सव के बारे में देश-विदेश के नागरिकों को जानकारी मिलेगी। राजस्थान तथा पुष्कर में पर्यटन बढ़ेगा।

उन्होंने बताया कि शनिवार 4 मार्च को सायं 6.30 बजे पुष्कर सरोवर ब्रह्मघाट पर महाआरती का आयोजन होगा। इसके पश्चात सायं 7 बजे से ब्रह्मा मन्दिर स्थित ब्रह्म वाटिका एम्फी थियेटर में धार्मिक भजन संध्या होगी। इसमें प्रतिष्ठित शास्त्रीय गायिका विद्या शाह द्वारा प्रस्तुति दी जाएगी। रविवार 5 मार्च को मेला मैदान में सायं 4 बजे कैमल शो का आयोजन होगा। पुष्कर सरोवर के वराह घाट पर महाआरती सायं 6.30 बजे होगी। मेला मैदान में सायं 7 बजे पदमश्री गुलाबो सपेरा द्वारा कालबेलिया नृत्य प्रस्तुत किया जाएगा। इसके पश्चात सायं 8 बजे मैला मैदान में ही अनुराधा पौडवाल द्वारा धार्मिक भजन संध्या प्रस्तुत की जाएगी।

उन्होंने बताया कि सोमवार 6 मार्च को भव्य होली कार्यक्रम होंगे। इस दिन सायं 4 बजे ब्रह्म चौक, होलीका चौक एवं ब्रह्म वाटिका पर चंग, डफ, कच्छी घोड़ी एवं गैर नृत्यो का वृहद रूप से मंचन रखा गया है। प्रसिद्व नगाड़ा वादक श्री नाथूलाल सोलंकी द्वारा सरोवर के जयपुर घाट पर सायं 6 बजे नगाड़ा वादन किया जाएगा। सायं 6.30 बजे पुष्कर सरोवर के 52 घाटों पर लगभग 1.25 लाख दीपाें से भव्य दीपदान का आयोजन होगा। ब्रह्म घाट पर महाआरती होगी। सरोवर पर आतिशबाजी सायं 6.50 बजे रखी गई है। होलीका दहन एवं फूलों की होली ब्रह्म वाटिका एम्फीथियेटर में सायं 7 बजे होगी। प्रसिद्व गायक पदमश्री हरिहरन का म्यूजिक कॉन्सर्ट मेला मैदान में सायं 7.30 बजे आयोजित होगा।

उन्होंने बताया कि इसी प्रकार धुलण्डी के दिन भी विशेष कार्यक्रम निर्धारित किए गए है। मंगलवार 7 मार्च को धुलण्डी के अवसर पर सायं 6.30 बजे गऊ घाट पर महाआरती होगी। मेला मैदान में आतिशबाजी का समय सायं 7 बजे रखा गया है। बॉलीवुड गायक अमित त्रिवेदी इस दिन अपनी प्रस्तुति मेला मैदान में सायं 7.30 बजे देंगे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ