Ticker

6/recent/ticker-posts

अंतर्राष्ट्रीय होली महोत्सव -2023 : मेला मेदान में बही भक्ति सरिता

अंतर्राष्ट्रीय होली महोत्सव -2023 : मेला मेदान में बही भक्ति सरिता

पद्माश्री अनुराधा पौडवाल और कविता पौडवाल के भजनों पर झूमे श्रद्धालु

पद्म गुलाबो की लोकानुरंजन प्रस्तुति रही शानदार

अजमेर (अजमेर मुस्कान)। अंतर्राष्ट्रीय होली महोत्सव में रविवार को मेला मैदान में भक्ति के साथ लोकनृत्य की प्रस्तुति ने दर्शकों को तिरोहित कर दिया।

राजस्थान पर्यटन विकास निगम के द्वारा आयोजित अंतर्राष्ट्रीय होली महोत्सव 2023 में रविवार को मेला मैदान में भक्ति तथा लोक कला की सरिता बही। यहां की प्रस्तुतियों ने दर्शकों एवं श्रद्धालुओं को मंत्र मुग्ध कर दिया।

रंग बरसे दरबार पुष्कर जी रंग बरसे

सुप्रसिद्ध भजन गायिका पद्मश्री अनुराधा पौडवाल तथा उनकी पुत्री कविता पौडवाल ने मेला मैदान में भक्ति की बारिश कर दी।

रंग बरसे दरबार पुष्कर जी रंग बरसे तथा होली खेल रहे बांके बिहारी भजन पर होली का वातावरण बन गया।  रंग मत डाल रे सांवरिया से ब्रज की होली का एहसास कराया।  मन मेरा मंदिर शिव मेरी पूजा के आलाप ने श्रद्धालुओं को सम्मोहित किया। मीठे रस की भरयोरी राधा रानी लागे, जा री हट नटखट, सुन बांके बिहारी, आज बिरज में होरी रे रसिया, रंगीलो तथा हर कर्म अपना करेंगे ने समां बांध दिया।

सामाजिक सरोकारों में भी आगे रहता है पौडवाल परिवार

पद्मश्री अनुराधा पौडवाल तथा उनका परिवार सामाजिक सरोकारों में भी आगे रहता है। उनकी पुत्री कविता पौडवाल ने बताया कि उनके द्वारा स्थापित सूर्योदय फाउंडेशन समाज के उपेक्षित वर्गों को मुख्य धारा में लाने के लिए कार्य कर रहा है। वे भुवनेश्वर से पुष्कर आई थी । वहां उनके फाउंडेशन ने 300 से अधिक श्रवण बाधित बच्चों को श्रवण उपकरण वितरित किए। इनमें सबसे छोटा बच्चा मात्र तीन माह का था ।  इस प्रकार के कार्यक्रम अन्य वर्गों के लिए भी विभिन्न राज्यों में आयोजित किए जाएंगे।

विश्वप्रसिद्ध कालबेलिया नृत्यांगना पद्मश्री गुलाबो सपेरा ने लोक कला प्रस्तुत की। राजस्थान की पहचान पधारो म्हारे देश की भव्य प्रस्तुति रही। इस पर लोक नृत्य भी किया गया। इनके दल की राखी, हेमा, रूपा और जीतू के साथ समूह नृत्य की प्रस्तुति लाजवाब रही ।  चरी नृत्य पर बादिला लेता आइज्यो और चिरमी का प्रदर्शन किया। लोक नृत्य भंवई की घुमावदार प्रस्तुति के साथ ईतल पीतल गाया गया। कालबेलिया नृत्य आकर्षण का केंद्र रहा। लोकवाद्य पुंगी का नगाड़ों के साथ बेहतरीन संयोजन मंत्रमुग्ध करने वाला रहा।

इस अवसर पर महात्मा गांधी जीवन दर्शन समिति के संयोजक डॉ. श्रीगोपाल बाहेती, अजमेर डेयरी के अध्यक्ष रामचंद्र चौधरी, जिला कलेक्टर अंश दीप, पुलिस अधीक्षक चूनाराम जाट, अजमेर विकास प्राधिकरण के आयुक्त अक्षय गोदारा, अतिरिक जिला कलक्टर भावना गर्ग, देविका तोमर, उपखंड अधिकारी निखिल कुमार, सुखराम पिंडेल, वैभव शर्मा, इस्लाम खान, सुशील कुमार, शिव बंसल, बलवीर सिंह, हेमंत जोधा, प्रियंका रघुवंधी सहित गणमान्य नागरिक एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।

होली पर रहेगी कार्यक्रमों की धूम

सोमवार 6 मार्च को भव्य होली कार्यक्रम होंगे। इस दिन सायं 4 बजे ब्रह्म चौक, होलीका चौक एवं ब्रह्म वाटिका पर चंग, डफ, कच्छी घोड़ी एवं गैर नृत्यो का वृहद रूप से मंचन रखा गया है। प्रसिद्व नगाड़ा वादक श्री नाथूलाल सोलंकी द्वारा सरोवर के जयपुर घाट पर सायं 6 बजे नगाड़ा वादन किया जाएगा। सायं 6.30 बजे पुष्कर सरोवर के 52 घाटों पर लगभग 1.25 लाख दीपों से भव्य दीपदान का आयोजन होगा। ब्रह्म घाट पर महाआरती होगी। सरोवर पर आतिशबाजी सायं 6.50 बजे रखी गई है। होलीका दहन एवं फूलों की होली ब्रह्म वाटिका एम्फीथियेटर में सायं 7 बजे होगी। प्रसिद्व गायक पदमश्री हरिहरन का म्यूजिक कॉन्सर्ट मेला मैदान में सायं 7.30 बजे आयोजित होगा।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ