Ticker

6/recent/ticker-posts

ब्रज की होली साकार हुई पुष्कर में

ब्रज की होली साकार हुई पुष्कर में

पद्मश्री हरिहरन के भजनों पर झूमे श्रद्धालु

अजमेर (अजमेर मुस्कान)। अंतर्राष्ट्रीय होली महोत्सव में सोमवार को बृज की लठ्ठमार और फूलों की होली साकार हुई । साथ ही पद्म श्री हरिहरन के भजनों पर श्रद्धालु भाव प्रवणता के साथ झूमे।

राजस्थान पर्यटन विकास निगम के अध्यक्ष धर्मेन्द्र राठौड़ ने कहा कि अंतर्राष्ट्रीय होली महोत्सव को विश्व प्रसिद्ध बनाने और इसमें चार चांद लगाने में जिला प्रशासन , गणमान्य नागरिकों, जनप्रतिनिधियों एवं सुप्रसिद्ध कलाकारों ने अपना अमूल्य योगदान दिया। उन्होंने कहा कि होलिका दहन पर आज हमने सारे पापों की होली पुष्कर में जला दी है। झूठ , कपट, द्वेष, क्रोध, धोखाधड़ी जैसे पापों की होली जलाकर जिस तरह भक्तराज प्रह्लाद की अच्छाई प्रकट हुई आज हममें भी प्यार, अमन, चैन, सौहार्द की भावनाएं प्रकट हुई है।

पुष्कर के स्थानीय विधायक सुरेश सिंह रावत ने कहा कि अंतर्राष्ट्रीय पुष्कर होली महोत्सव को विख्यात करने में विभिन्न लोगो ने अपना अमूल्य समय एवं योगदान दिया है। हमें राजनीति से ऊपर उठकर तीर्थराज पुष्कर के विकास के लिए हर संभव प्रयास करने चाहिए।

पद्मश्री हरिहरन ने भजनों के माध्यम से श्रोताओं को भावविभोर कर दिया। गणेश वंदना विघ्नेश्वराय के साथ उन्होंने अपना म्यूजिक कंसर्ट आरंभ किया। ओम नमः शिवाय, इस धरती,  सुबह-सुबह ले शिव, राधे गोविंद गोपाला जैसे भजनों से समां बांध दिया। केसरिया बालम आवो नी पधारो म्हारे देश सुनाकर राजस्थानी परंपरा को जीवंत कर दिया। म्यूजिक कंसर्ट में दौड़ा दौड़ा, धीमे-धीमे, रोजा जानेमन, बाहों के दरमियां, चप्पा चप्पा तथा  तू ही रे गीत गाए । इसमें चंद्रैया भट्टाचार्य, लावण्या पद्मनाभन और अक्षय ने साथ दिया।

बृज की संस्कृति और विरासत पर कार्य कर रहे भारतीय कला संस्थान से संबंधित ब्रज लोक कला मंच के कलाकारों ने अशोक शर्मा के निर्देशन में ब्रज की होली को रंग रसिया के रूप में  प्रस्तुत किया। बृज के प्रभु श्री कृ कृष्ण का जैसे आगमन पुष्कर में हो गया हो। मंगलाचरण आरती में राधा और श्री कृष्ण के स्वरूप को प्रत्यक्ष किया गया। धाम वंदना पर भक्ति का सैलाब आ गया। ब्रज की प्रसिद्ध लठ्ठमार होली में गोपियों ने ग्वालों और श्री कृष्ण के साथ होली खेली। फूलों की होली में पुष्प वर्षा हुई। श्री कृष्ण रूप ने दर्शक दीर्घा में फूलों की होली खेली गई। बेहतरीन नृत्य संयोजन तृप्ति द्विवेदी का था। भारतीय कला संस्थान ब्रज की लुप्त होती 34 विधाओं के संरक्षण और संवर्धन का कार्य कर रहा है। इनके 300 से अधिक कलाकारों ने देश-विदेश में ब्रज कलाओं को नया आयाम दिया है।

इस अवसर पर पूर्व विधायक डाॅ. राजकुमार जयपाल, अजमेर डेयरी के अध्यक्ष रामचंद्र चौधरी, राजस्थान  वरिष्ठ नागरिक कल्याण बोर्ड के उपाध्यक्ष राजेश टंडन, पुष्कर नगर पालिका के अध्यक्ष कमल पाठक, पूर्व जिला प्रमुख रामस्वरूप चौधरी, उप महापौर नीरज जैन, जिला कलेक्टर अंश दीप, पुलिस अधीक्षक चुनाराम जाट, अजमेर विकास प्राधिकरण के आयुक्त अक्षय गोदारा, नगर निगम के आयुक्त सुशील कुमार, अतिरिक्त जिला कलक्टर ,उपखंड अधिकारी, जवाहर फाउंडेशन के शिव बंसल, पार्षद नोरत गुर्जर, समृता पाराशर, गोपाल तिलोनिया सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। मंच का संचालन वर्तिका शर्मा ने किया।

धुलण्डी के दिन भी विशेष कार्यक्रम निर्धारित किए गए है। मंगलवार 7 मार्च को धुलण्डी के अवसर पर सायं 6.30 बजे गऊ घाट पर महाआरती होगी। मेला मैदान में आतिशबाजी का समय सायं 7 बजे रखा गया है। बाॅलीवुड गायक अमित त्रिवेदी इस दिन अपनी प्रस्तुति मेला मैदान में सायं 7.30 बजे देंगे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ