Ticker

6/recent/ticker-posts

पुष्कर : मुख्यमंत्री अशोक गहलोत कल ध्वजारोहण कर पुष्कर मेले का करेंगे शुभारंभ

पुष्कर : मुख्यमंत्री अशोक गहलोत कल ध्वजारोहण कर पुष्कर मेले का करेंगे शुभारंभ

जिला कलेक्टर ने देखी मेले में व्यवस्थाएं

अधिकारियों को दिए आवश्यक निर्देश

पुष्कर (AJMER MUSKAN)। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत मंगलवार एक नवम्बर को अन्तर्राष्ट्रीय श्री पुष्कर मेले का शुभारंभ करेंगे। जिला कलेक्टर अंशदीप एवं पुलिस अधीक्षक चूनाराम जाट ने रविवार को मेला क्षेत्र में निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को आवश्यक निर्देश प्रदान किए।

जिला कलेक्टर अंश दीप ने बताया कि मुख्यमंत्री अशोक गहलोत एक नवम्बर को पुष्कर आएंगे। गहलोत मंगलवार को उदयपुर से विशेष विमान के द्वारा किशनगढ़ एयरपोर्ट पहुंचेगे । यहां से हैलीकॉप्टर द्वारा शाम 4 बजे  पुष्कर में बनाए गए हैलीपेड पर आएंगे। गहलोत मेला मैदान में मेले का विधिवत शुभारम्भ करेंगे। मेला मैदान में ध्वाजारोहण किया जाएगा। उनके द्वारा पुष्कर मेला विकास प्रदर्शनी का उद्घाटन  करने के पश्चात अवलोकन किया जाएगा। यहां अजमेर स्मार्ट सिटी तथा अजमेर विकास प्राधिकरण के द्वारा करवाए गए विकास कार्यो का शिलान्यास तथा लोकापर्ण भी किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि गहलोत राजीविका के स्वयं सहायता समूहों के द्वारा उत्पादित वस्तुओं की बिक्री स्टॉलों का भी शुभारम्भ करेंगे। इसके पश्चात मुख्यमंत्री ब्रह्मा मंदिर के पास नवीन सुविधा संरचनाओं का लोकार्पण करेंगे। ब्रह्मा मंदिर में दर्शन कर पूजा की जाएगी। गहलोत पुष्कर सरोवर पर दीपदान कार्यक्रम की शुरूआत करेंगे। पवित्र सरोवर पर पूजा अर्चना के पश्चात महाआरती में भी शामिल होंगे। सरोवर पर सवा लाख से अधिक दीपों के माध्यम से दीपदान किया जाएगा। यहां पुष्कर अभिषेक का कार्यक्रम भी होगा।

उन्होने बताया कि मुख्यमंत्री गहलोत की प्रस्तावित पुष्कर यात्रा के दौरान की जाने वाली व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई। अस्थाई हेलीपेड के निर्माण के संबंध में सार्वजनिक निर्माण विभाग के अधीक्षण अभियंता अशोक तंवर के साथ चर्चा की। मेला मैदान में दर्शकों को आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। प्रदर्शनी स्थल पर व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया। ब्रह्मा मंदिर में नवनिर्मित संरचनाओं का अवलोकन किया गया। साथ ही सरोवर पर दीपदान से संबंधित व्यवस्थाओं के बारे में अधिकारियों के साथ विचार-विमर्श कर समस्त कार्य निर्धारित समय अवधि में पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।

इस अवसर पर अजमेर विकास प्राधिकरण के आयुक्त अक्षय गोदारा, नगर निगम अजमेर के आयुक्त सुशील कुमार,  अतिरिक्त जिला कलेक्टर कैलाश चन्द्र शर्मा, जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी हेमन्त स्वरूप माथुर, उपखण्ड अधिकारी सुखाराम पिण्डेल एवं पुष्कर नगर पालिका ईओ बनवारी लाल मीना सहित पुलिस, प्रशासन एवं विभागीय अधिकारी उपस्थित थे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ