Ticker

6/recent/ticker-posts

आजादी का अमृत महोत्सव : हर घर तिरंगा कार्यक्रम 13 से 15 अगस्त तक

आजादी का अमृत महोत्सव : हर घर तिरंगा कार्यक्रम 13 से 15 अगस्त तक

अजमेर (AJMER MUSKAN)।
आजादी का अमृत महोत्सव के आयोजनों की श्रृंखला के अन्तर्गत जिले में हर घर तिरंगा कार्यक्रम आगामी 13 से 15 अगस्त तक आयोजित किया जाएगा। इसकी व्यवस्थाओं के सम्बन्ध में जिला कलेक्टर अंश दीप द्वारा बैठक ली गई।

जिला कलेक्टर अंश दीप ने कहा कि हमारा राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा भारत के नागरिकों की आशा और आकांक्षाओं का प्रतीक है। यह राष्ट्रीय गौरव का वाहक है। भारत के राष्ट्रीय गौरव के रूप में आजादी के अमृत महोत्सव के तहत हर घर तिरंगा कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। सम्पूर्ण भारत देश में 9 से 16 अगस्त की अवधि में देश के सभी सरकारी, गैर सरकारी, निजी संस्थानों, निजी आवास और कार्यालयों आदि पर लगभग 5 से 10 करोड़ राष्ट्रीय ध्वज फहराये जाने की योजना है। जिले में 13 से 15 अगस्त तक हर घर तिरंगा कार्यक्रम आयोजित होगा। इसके लिए फ्लेग कोड में परिवर्तन किया गया है एवं इसकी धारा 12 में 30 दिसम्बर 2021 को परिवर्तन कर खादी के तिरंगे झंडे की बाध्यता हटा कर हाथ का काता, बुना हुआ मशीन से निर्मित कॉटन, पॉलिस्टर, ऊनी एवं सिल्क खादी से बने तिरंगे झंडे को भी अनुमत कर दिया गया है।

उन्होंने कहा कि इस कार्यक्रम के लिए एक अभियान के रूप में जन चेतना, इच्छाशक्ति निर्माण, अभिरूचि वृद्धि एवं जागरूकता वृद्धि कर कार्य किया जाएगा। इसके लिए सोशल मिडिया के विभिन्न प्लेटफॉर्म का उपयोग करते हुए अधिक से अधिक जन सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी। सोशल मिडिया प्लेटफॉर्म फेसबुक, व्हाट्स एप, ट्वीटर, इंस्टाग्राम, वेबसाईट पर नागरिक नेशनल फ्लेग लगा सकते है। फ्लेग गिफ्ट कर सकते हैं। सेल्फी विद फ्लेग अपलोड कर सकते हैं। मोबाईल, लेपटॉप, कम्प्यूटर पर झंडे का वॉलपेपर लगा सकते है।

उन्होंने कहा कि इस कार्यक्रम के जनजागरण एवं चेतना वृद्धि के साथ अधिकतम लोगों तक पहुँचने के लिये स्थानीय स्तर तक कार्य किया जाना प्रस्तावित है। ग्राम पंचायतें, स्वास्थ्य केन्द्र, उचित मूल्य की दुकानें, विद्यालय, महाविद्यालय, पुलिस, ट्रांसपोर्ट विभाग, मिडिया वेबसाईट, वॉल पेन्टिग्स, आंगनबाडी केन्द्र, कृषि केन्द्र, वाचनालय, विद्युत एवं पेयजल विभाग, स्वयंसेवी संस्थायें, स्वयं सहायता समूह, एनजीओ, तिरंग वॉलिंटियर्स आदि की सक्रिय भागीदारी रहेगी।

उन्होंने कहा कि कार्यक्रम के दौरान ध्वज सशुल्क उपलब्ध कराया जाएगा। नागरिकों का ध्वज क्रय करने के लिए प्रेरित किया जाएगा। जिला परिषद को इसके लिए नोडल नियुक्त किया गया है। जिले में आगामी 13 से 15 अगस्त तक 4 लाख से अधिक ध्वज फहराया जाना प्रस्तावित है। प्रत्येक ग्राम में राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा के क्रय-विक्रय केन्द्रों की स्थापना की जाएगी।बड़े आकार के ध्वज 25 रूपए, मध्यम आकार के 18 रूपए तथा छोटे आकार के ध्वज 9 रूपए में उपलब्ध रहेंगे। स्थानीय नेतृत्व के साथ सभी सरकारी कार्यालयों एवं भवनों पर झंडारोहण होगा। समस्त राजकीय कर्मचारियों की भागीदारी अभियान में सुनिश्चित की जाएगी। समस्त नागरिकों को कार्यक्रम से जुड़ने के लिए प्रेरित किया जाएगा। कार्यक्रम के दौरान आदर्श झण्डा संहिता की पालना सुनिश्चित की जाएगी। प्रत्येक ध्वज के लिए जिम्मेदारी तय होगी।

इस अवसर पर जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी अक्षय गोदारा, नगर निगम आयुक्त सुशील कुमार, अतिरिक्त जिला कलेक्टर कैलाश चंद्र शर्मा एवं हेमंत स्वरूप माथुर, स्थानीय निकाय विभाग के उपनिदेशक आलोक जैन एवं उपखण्ड अधिकारी महावीर सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ