Ticker

6/recent/ticker-posts

अजमेर कचरा संग्रहण शुल्क : निगम प्रशासन और व्यापार महासंघ की बैठक आयोजित

शुल्क वसूली का पैमाना निर्धारित करने की मांग 

अजमेर कचरा संग्रहण शुल्क : निगम प्रशासन और व्यापार महासंघ की बैठक आयोजित
अजमेर कचरा संग्रहण शुल्क : निगम प्रशासन और व्यापार महासंघ की बैठक आयोजित

अजमेर (AJMER MUSKAN)।
अजमेर शहर व्यापार महासंघ के अध्यक्ष किशन गुप्ता के नेतृत्व में गुरुवार को नगर निगम सभागार में व्यापारियों व निगम आयुक्त देवेंद्र गुप्ता, महापौर बृजलता हाड़ा, उपमहापौर नीरज जैन, स्वास्थ्य अधिकारी रूपाराम चौधरी व अन्य अधिकारियों के मध्य कचरा संग्रहण शुल्क वसूली के विषय में मीटिंग आयोजित हुई। 

महासंघ के प्रवक्ता कमल गंगवाल व सीए विकास अग्रवाल ने बताया कि विगत कई दिनों से निगम और व्यापारियों के मध्य उक्त शुल्क वसूली को लेकर खींचतान चल रही है जिसके मद्देनज़र गुरुवार को निगम प्रशासन ने व्यापार महासंघ के पदाधिकारियों के साथ एक संयुक्त बैठक आयोजित की। बैठक में सभी पदाधिकारियों ने उक्त  शुल्क का विरोध प्रकट कर बताया कि अजमेर के व्यापारियों साथ वसूली को लेकर अन्याय किया जा रहा है चूँकि सम्पूर्ण राज्य में अभी इस तरह की व्यवस्था शुरू नहीं हुई ऐसे में सिर्फ अजमेर के व्यापारियों के साथ सौतेला व्यवहार किया जा रहा है। स्वायत्त शासन विभाग द्वारा लागू शुल्क पर व्यापारियों का तर्क था कि इस शुल्क को निगम वहन करे और व्यापारियों को इससे मुक्त रखे।  व्यापारियों ने यह भी पूछा कि तयशुदा शुल्क का आधार क्या है और सभी व्यापारियों पर यह सामान रूप से लागू किया जाना कैसे न्यायसंगत है, जिस पर निगम प्रशासन ने व्यापारियों के इस तर्क को जायज मानते हुए महासंघ को व्यापारियों की दुकानों का वर्गीकरण कर एक सूची बना कर निगम को प्रेषित करने का सुझाव दिया जिसमें शुल्क वसूली का पैमाना स्पष्ट रूप से इंगित हो। वहीं महासंघ का सूची बनाने पर कहना था कि उक्त शुल्क व्यवस्था के लागू  होने से पूर्व जिस प्रकार से निगम द्वारा डोर-टू-डोर सर्वे कराया गया उसमे सुधार कर पुनः निगम द्वारा सर्वे कराया जाये और प्रत्येक व्यापारी का वर्गीकरण कर शुल्क निर्धारित करे तत्पश्चात ही व्यापरियों को विश्वास में लेते हुए उक्त व्यवस्था को लागू करें।  

महासंघ के अध्यक्ष किशन गुप्ता ने बताया कि इस सम्बन्ध में शीघ्र ही जिला कलेक्टर अंशदीप से मुलाकात कर इस समस्या के निराकरण के प्रयास किये जायेंगें और इस शुल्क को हटवाने की मांग की जाएगी। 

मीटिंग में भाग लेने वालों में किशन गुप्ता, कमल गंगवाल, सीए विकास अग्रवाल, अशोक बिंदल,  शैलेन्द्र अग्रवाल, अनीश मोयल, मोती जेठानी, राजकुमार गर्ग, गिरीश लालवानी, डॉ. सुभाष माहेश्वरी, पार्षद भारती श्रीवास्तव, पार्षद नकुल खंडेलवाल, दिलीप टोपीवाला, बालेश गोहिल, राजीव निराला, जय गोयल, जरनैल सिंह, सरबजीत सिंह छाबड़ा, अंकुर खंडेलवाल आदि उपस्थित रहे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ