Ticker

6/recent/ticker-posts

अन्तर्राष्ट्रीय महिला दिवस : जिला स्तरीय कार्यक्रम जवाहर रंगमंच में आयोजित


अजमेर (AJMER MUSKAN)।
अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर जिला स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन मंगलवार को जवाहर रंगमंच में हुआ।

संभागीय आयुक्त बी.एल. मेहरा ने कहा कि अन्तर्राष्ट्रीय महिला दिवस महिलाओं को उनका उचित स्थान दिलाने के लिए मनाया जाता है। भारतीय परंपरा में नारी को पूजनीय माना गया है। मध्य काल में तत्कालीन परिस्थितियों के कारण समाज में कुरीतियां आ गई थी। समय के साथ इनका निराकरण किया गया है। वर्तमान में समाज की सोच में काफी बदलाव आया है। भारतीय संस्कारों का अनुसरण करने वाले परिवारों में महिलाओं की स्थिति अपेक्षाकृत अच्छी रहती है। सरकार भी अपने स्तर पर महिलाओं की भागीदारी प्रत्येक क्षेत्र में सुनिश्चित कर रही है। महिलाओं में शिक्षा के माध्यम से जागरूकता बढ़ी है। इसका लाभ पूरे परिवार एवं समाज को मिल रहा है। महिलाओं का सम्मानजनक जीवन सुनिश्चित करना ही इस आयोजन का उद्देश्य है।


पुलिस महानिरीक्षक रूपिन्दर सिंघ ने कहा कि संभाग में चुप्पी तोड़ो अभियान बालिकाओं एवं महिलाओं को नई दिशा देने में सफल रहा है। प्रत्येक परिवार को अपने घर में बच्चों को महिलाओं के सम्मान के प्रति जागरूक किया जाना चाहिए। बालकों में अच्छे संस्कार आने से आने वाली पीढ़ी में बदलाव आएगा। बच्चों के द्वारा इलेक्ट्रोनिक गेजेट इस्तेमाल करते समय अभिभावकों को पास में बैठकर मॉनिटरिंग करनी चाहिए। इस संबंध में बच्चों को कक्षा दसवीं से स्नातक प्रथम वर्ष तक विशेष ध्यान देने की आवश्यकता है।

समारोह में माता यशोदा पुरस्कार से विभिन्न क्षेत्रों में बेहतरीन कार्य करने वाले आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, सहायिकाओं एवं आशा सहयोगिनियों को सम्मानित किया गया। जिले की 13 परियोजनाओं में बेहतरीन कार्य करने वालों को चयनित किया गया। आंगनबाड़ी कार्यकर्ता को 5100, सहायिका एवं आशा सहयोगिनी को 2100-2100 रूपए की राशि प्रदान की गई। राष्ट्रीय बालिका दिवस पर आयोजित निबंध प्रतियोगिता के लिए महात्मा गांधी राजकीय विद्यालय की भानू प्रिया प्रजापति एवं रिद्धि प्रजापति को सम्मानित किया गया। बालिकाओं के विकास के लिए कार्य करने वाली संस्था सीफार को 7500 तथा ग्रामीण एवं सामाजिक विकास संस्था परबतपुरा को 5 हजार की राशि प्रदान की गई।

इसी प्रकार श्रेष्ठ महिला एवं बाल विकास कर्मियों को भी 11-11 हजार की राशि पुरस्कार स्वरूप दी गई। यह राशि हरि नगर अजमेर की आंगनबाड़ी सहायिका सिमपल प्रजापत, बागरिया बस्ती अजमेर की आशा सहयोगिनी निर्मला टांक, धानका बस्ती अजमेर की आंगनबाड़ी कार्यकर्ता ऋतु शर्मा तथा शिखरानी मसूदा की शमा बानू को प्रदान की गई। कृषि विभाग में उत्कृष्ठ कार्य करने वाली पूजा जोया को भी सम्मानित किया गया। टीबी चैम्पियन के रूप में कार्य करने वाली ब्यावर की आरती दास, कोटड़ा की प्रेमलता, ब्यावर की गायत्री कुमावत तथा पीसांगन की जनता बानू का भी सम्मान हुआ।

समारोह में ब्यावर की मोनिका साहु, किशनगढ़ की राशि गुर्जर, यशवन्तिका, उमा गौड़, टीना सोलंकी एवं आदर्श नगर की कोमल आदि छात्राओं को सम्मानित किया गया। उत्कृष्ठ कार्य करने वाली एएनएम निकिता देवल, रेणुका जाट, नीतु गुर्जर एवं खुशबु राठौड़ का भी सम्मान हुआ।

इस अवसर पर जिला कलेक्टर अंश दीप, जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी श्री मुरारी लाल वर्मा, नगरीय निकाय विभाग की उपनिदेशक डॉ. अनुपमा टेलर, पुलिस विभाग की डॉ. प्रियंका, सामाजिक एवं न्याय अधिकारिता विभाग के उपनिदेशक श्री प्रफुल्ल कुमार चौबीसा, महिला अधिकारिता विभाग के उपनिदेशक श्री राजेन्द्र कुमार, सीडीपीओ श्रीमती विमलेश डेटाणी, प्रोजेक्ट डायरेक्टर सरला नायडू सहित विभागीय अधिकारी एवं बडी संख्या में महिलाएं उपस्थित थी।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ