Ticker

6/recent/ticker-posts

जिला कलेक्टर ने किया सम्राट पृथ्वीराज चौहान खेल नगर का अवलोकन दिए आवश्यक निर्देश


अजमेर (AJMER MUSKAN)।
जिला कलेक्टर अंश दीप ने शनिवार को चन्द्ररवरदाई नगर स्थित सम्राट पृथ्वीराज चौहान खेल नगर का अवलोकन किया। खेल नगर के संबंध में संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश प्रदान किए।


अजमेर विकास प्राधिकरण के सचिव किशोर कुमार ने बताया कि प्राधिकरण के अध्यक्ष एवं जिला कलेक्टर अंश दीप ने शनिवार को चन्द्ररवरदाई नगर स्थित सम्राट पृथ्वीराज चौहान खेल नगर का अवलोकन किया। यहां बनाए गए बास्केटबॉल, वालीबॉल एवं हॉकी के खेल मैदानों का निरीक्षण कर सुविधाओं के बारे में जानकारी ली। पैवेलियन का भी अवलोकन किया। खेल नगर में पौधारोपण कर स्वच्छ पर्यावरण का संदेश दिया।

उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री अशोक गहलोत की बजट घोषणा के अनुसार लगभग 6.5 करोड़ की अनुमानित लागत से बहुउद्देशीय इण्डोर स्टेडियम बनाया जाएगा। इसके लिए निर्धारित स्थान का भी जिला कलेक्टर द्वारा मौका मुआयना किया गया। यह बहुउद्देशीय इण्डोर स्टेडियम राजस्थान स्टेट रोड डवलपमेंट कॉरपोरेशन (आरएसआरडीसी) के माध्यम से बनाया जाएगा। आरएसआरडीसी की सहायक अभियंता चारू मित्तल ने स्टेडियम के संबंध में अवगत कराया।

उन्होंने बताया कि जिला कलेक्टर अंश दीप ने बहुउद्देशीय इण्डोर स्टेडियम को राष्ट्रीय स्तर का बनाने के लक्ष्य को ध्यान में रखते हुए कार्य करने के निर्देश दिए। उसी के अनुरूप अतिरिक्त खेल ग्राउण्ड एवं सुविधाएं विकसित की जाएगी। खेल अधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित कर प्रत्येक खेल की आवश्यकता के अनुरूप कार्य किया जाएगा। स्थानीय आवश्यकताओं के आधार पर निर्धारित नक्शे की सक्षम स्तर पर समीक्षा की जाएगी।

इस अवसर पर खेल अधिकारी ओम प्रकाश एवं प्रवीण ओझा, अजमेर विकास प्राधिकरण के अधिशाषी अभियंता साहबराम जोशी, सहायक अभियंता राजेन्द्र कुडी सहित अधिकारी एवं खेल प्रशिक्षक उपस्थित थे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ