Ticker

6/recent/ticker-posts

स्वस्थ जीवन शैली से ही सफल जीवन की परिकल्पना होगी साकार - राजेश्वर सिंह


राजस्व मंडल में निशुल्क आयुर्वेद चिकित्सा शिविर

आयुर्वेद को वैश्विक स्तर तक पहुंचाने की महती आवश्यकता

अजमेर (AJMER MUSKAN)। राजस्व मंडल अध्यक्ष राजेश्वर सिंह ने कहा कि स्वस्थ शरीर के बगैर सफल जीवन की कल्पना अधूरी है। हमें सुस्वास्थ्य के लिए स्वस्थ जीवन शैली को अपनाने की महती आवश्यकता है।

वे गुरुवार को राजस्व मंडल सभागार में आत्रेय आयुर्वेदिक चिकित्सालय एवं राजस्व मंडल विभागीय समिति के साझे में आयोजित एक दिवसीय आयुर्वेदिक चिकित्सा जांच एवं परामर्ष शिविर के शुभारंभ समारोह को बतौर मुख्य अतिथि संबोधित कर रहे थे। श्री सिंह ने भगवान धन्वंतरि की प्रतिमा के समक्ष विधिवत दीप प्रज्वलन एवं माल्यार्पण से कार्यक्रम का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि भारत देश आयुर्वेद चिकित्सा पद्धति का जनक है। हमें विरासत में मिले स्वास्थ्य सुरक्षा के मूल्यों को पुनः स्थापित करने के लिए संकल्प के साथ कार्य करना होगा, तभी समूचे देश ही नहीं वरन संपूर्ण विश्व को पूर्ण स्वस्थ बनाया जा सकता है।

मंडल अध्यक्ष ने मन, वचन और कर्म के मध्य एकात्म भाव लाने के लिए आयुर्वेद के नियमों एवं आहार-विहार की सार्थकता प्रतिपादित की। उन्होंने कहा कि स्वस्थ जीवन ही सफलता का आधार है। आयुर्वेद की महत्ता को जन- जन तक पहुंचाने के लिए आयुर्वेद विषय विशेषज्ञों विद्वजन के व्याख्यान, दीर्घ अनुभव आधारित प्रकाशित सामग्री को आधार बनाया जाना चाहिए।

कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए आत्रेय चिकित्सालय के निदेशक डॉ. अमित शास्त्री ने कहा कि आयुर्वेद चिकित्सा पद्धति से ही शारीरिक व्याधियों का जड़ से निवारण संभव है। आत्रेय चिकित्सालय जागरूकता, उपचार एवं सेवाभाव के प्रकल्प के साथ सेवा कार्य कर रहा है। आमजन को लागत मूल्य पर औषधियां उपलब्ध कराई जा रही है। कार्यक्रम में आयुर्वेद चिकित्सक वैेद्य एसएन शर्मा ने जल शुद्धीकरण, उचित आहार-विहार, त्रिफला एवं पंचकर्म की उपयोगिता पर विस्तार से प्रकाश डाला। कार्यक्रम का प्रभावी संयोजन राजस्व मंडल उपनिबंधक भावना गर्ग ने किया। इस अवसर पर निबंधक भंवर सिंह संदू सहित राजस्व मंडल के सदस्यगण, वरिष्ठ अधिकारी विभागीय समिति अध्यक्ष सुधीर शर्मा सहित अन्य पदाधिकारी एवं कर्मचारीगण मौजूद रहे। शिविर में निशुल्क परामर्श मधुमेह जांच की सुविधाएं उपलब्ध कराई गई, साथ ही कोविड-19 से बचाव हेतु स्टाफ एवं अभिभाषकगण को को वैक्सीन एवं कोविशिल्ड का बूस्टर डोज भी लगाया गया।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ