Ticker

6/recent/ticker-posts

प्रादेशिक लोक संपर्क ब्यूरो द्वारा आयोजित चित्र प्रदर्शनी का हुआ उद्घाटन


प्रादेशिक लोक संपर्क ब्यूरो द्वारा आयोजित चित्र प्रदर्शनी का हुआ उद्घाटन

12 फरवरी तक किया जा सकता है अवलोकन

अजमेर (AJMER MUSKAN)। प्रादेशिक लोक संपर्क ब्यूरो के तत्वावधान में आयोजित हो रही चित्र प्रदर्शनी का शुभारंभ नगर निगम की महापौर बृजलता हाड़ा ने गुरूवार को किया। प्रदर्शनी आगामी शनिवार 12 फरवरी तक सामुदायिक भवन रेलवे बिसिट कचहरी रोड़ में सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक निःशुल्क देखी जा सकती है।

अजमेर की विरासत को स्मरण में रखकर ही हम अपने भविष्य की मजबूत बुनियाद रख सकते हैं। यह विचार अजमेर शहर की महापौर ब्रजलता हाड़ा ने प्रदर्शनी के शुभारंभ अवसर पर व्यक्त किए। उन्होंने अपने सम्बोधन में कहा कि आजादी के अमृत महोत्सव के निमित्त हमें अपने देश की आजादी के लिए मर-मिटने वालों को याद करना चाहिए। इसके साथ-साथ उन योजनाओं की भी पूरी जानकारी रखनी चाहिए जिससे एक नये भारत का निर्माण होगा। वे भारत सरकार के सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय अंतर्गत कार्यरत प्रादेशिक लोक संपर्क ब्यूरो द्वारा आयोजित चित्र प्रदर्शनी के उद्घाटन के अवसर पर बोल रही थीं। इस अवसर पर अपर मंडल रेल प्रबंधक संदीप चौहान, महिला व बाल विकास अधिकारी विमलेश जेटानी, जिला कार्यक्रम समन्वयक जितेंद्र आदि उपस्थित थे।

उन्होंने कहा कि इस प्रदर्शनी में न सिर्फ आजादी के लिए बलिदान देने वाले अनजाने सेनानियों की जानकारी दी गई है बल्कि देश में चलाई जा रही जनकल्याणकारी योजनाओं से भी अवगत कराया है। किसी भी योजना का लाभ लेने के लिए उसकी जानकारी होना आवश्यक है। इस दृष्टि से इस तरह की प्रदर्शनियां महत्वपूर्ण सिद्ध होती हैं।

अपर मंडल रेल प्रबंधक संदीप चौहान ने कहा कि केंद्र सरकार पूरे देश में इंफ्रास्ट्रक्चर का आधुनिकीकरण करने और उसे मजबूत बनाने की विभिन्न परियोजनाओं पर काम कर रही है। इससे आने वाले समय में एक नये और बुलंद भारत की तस्वीर सामने आएगी। कार्यक्रम में प्राचार्य रामविलास जांगिड़ ने आजादी के अमृत महोत्सव के संदर्भ में जानकारी देते हुए अजमेर जिले में महिलाओं की सुरक्षा व सशक्तिकरण के लिए चलाई जाने वाली अभिनव योजनाओं की जानकारी दी। अग्रणी बैंक प्रबंधक जे.पी. मीणा ने बैंकिंग क्षेत्र द्वारा लोगों के आर्थिक सशक्तीकरण और स्वरोजगार के लिए चलाई जा रही योजनाओं की जानकारी दी।

कार्यक्रम की प्रस्तावना में क्षेत्रीय प्रचार अधिकारी पराग मांदले ने इस चित्र प्रदर्शनी के आयोजन के उद्देश्य के बारे में बताया। अधिकाधिक लोगों से इस चित्र प्रदर्शनी का अवलोकन कर लाभान्वित होने का अनुरोध किया। कार्यक्रम का संचालन सहायक क्षेत्रीय प्रचार अधिकारी भारत भार्गव ने किया।


इस अवसर पर क्षेत्रीय लोक संपर्क ब्यूरो द्वारा आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को पुरस्कारों का वितरण किया गया। उल्लेखनीय है कि यह प्रदर्शनी आगामी 12 फरवरी तक सुबह 10 से शाम 5 बजे तक सभी लोगों के लिए निःशुल्क खुली रहेगी। इस दौरान प्रदर्शनी देखने आने वाले व्यक्तियों के लिए विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन कर पुरस्कार भी दिए जाएंगे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ