Ticker

6/recent/ticker-posts

अजमेर : फॉयसागर और आसपास के क्षेत्र का होगा समग्र विकास


अजमेर विकास प्राधिकरण करेगा चरणबद्ध विकास

पहले चरण में झील सम्वद्र्धन, नाली और सड़क का कायाकल्प

सार्वजनिक निर्माण विभाग बनाएगा फॉय सागर रोड की सड़क

अजमेर (AJMER MUSKAN)। अजमेर विकास प्राधिकरण ने फॉयसागर झील और आसपास के क्षेत्र के चरणबद्ध विकास का खाका तैयार किया है। पहले चरण में झील का सौंदर्यीकरण, सड़क व नालियों का जीर्णाेद्धार तथा अन्य विकास कार्य करवाए जा रहे हैं। सड़क विकास कार्य के लिए सार्वजनिक निर्माण विभाग को निर्धारित किया गया है।

अजमेर विकास प्राधिकरण के आयुक्त अक्षय गोदारा ने बताया कि फॉयसागर झील क्षेत्र में सौन्दर्यीकरण एवं विकास कार्य एडीए द्वारा करवाए जा रहे हैं। इन पर लगभग 2.45 करोड़ की राशि व्यय होगी। निर्धारित कार्यों का लगभग 60 प्रतिशत कार्य पूर्ण किया जा चुका है। इसके अन्तर्गत क्षेत्र में झाडियों की सफाई की गई। झील की पाल के ऊपर 700 मीटर तथा नीचे 500 मीटर कुल 1200 मीटर की लम्बाई में फुटपाथ निर्माण की प्रक्रिया जारी है। पूरे क्षेत्र में उद्यान विकसित किए जाने की योजना पर कार्य किया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि पर्यटकों की संभावना तथा सुविधा को देखते हुए विभिन्न स्थानों पर कियोस्क का निर्माण किया जाएगा। पुरानी बिल्डिंग, टॉयलेट एवं बाउण्ड्रीवॉल की मरम्मत का कार्य भी किया जा रहा है। समस्त विकास कार्य पूर्ण होने के उपरांत 5 वर्ष तक संचालन एवं संधारण करने के लिए भी प्रावधान है।

सड़क एवं नाली निर्माण से लगेंगे क्षेत्र के विकास को पंख

उन्होंने बताया कि फॉयसागर क्षेत्र में जल निकासी की पर्याप्त व्यवस्था नहीं होने के कारण लम्बे समय से जल भराव की स्थित बनी रहती है। इस कारण सड़क भी जल्दी टूट जाती है। इस समस्या के समाधान के लिए फॉयसागर रोड़ की सड़क का निर्माण सार्वजनिक निर्माण विभाग द्वारा किया जाएगा। फॉयसागर रोड़ के दोनों तरफ लगभग 4600 मीटर में नाली बनाने पर 1.60 करोड़ की राशि व्यय की जाएगी। इसके लिए निविदा 27 दिसम्बर को जारी की गई है। इससे जल भराव की समस्या का स्थाई समाधान होगा। स्थानीय निवासियों को भी सुविधा मिलेगी। सुगम आवागमन के कारण पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा तथा विकास कार्यों की गति को पंख लगेंगे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ