Ticker

6/recent/ticker-posts

अगस्त क्रांति सप्ताह के तहत गांधी स्मृति उद्यान में किया पौधारोपण


गांधी स्मृति उद्यान आगन्तुकोें को देगा प्रेरणा - डॉ. बाहेती

अजमेर (AJMER MUSKAN)। अजमेर स्मार्ट सिटी लिमिटेड एवं अजमेर विकास प्राधिकरण के संयुक्त तत्वावधान में शुक्रवार को हरिभाऊ उपाध्याय नगर विस्तार कोटडा गांधी स्मृति उद्यान में अगस्त क्रांति सप्ताह के तहत पौधारोपण किया गया। इस अवसर पर आयोजित समारोह को संबोधित करते हुए महात्मा गांधी जीवन दर्शन समिति के अध्यक्ष एवं पूर्व विधायक डॉ. श्री गोपाल बाहेती ने कहा कि गांधी जी के जीवन, सिद्धांत और उपदेशों को हमें आत्मसात करना चाहिए। गांधी स्मृति उद्यान बनने के बाद यहां आने वाले आगन्तुक उनके सिद्धांतों से प्रेरणा लेंगे।

डॉ. बाहेती ने अंडमान निकोबार द्वीप पर बनी सेलुलर जेल का स्मरण करते हुए कहा कि यह जेल भारत के स्वतंत्रता सैनानियों पर किए गए अत्याचारों की मूक गवाह है । स्वतंत्रता सैनानियों को यहां पर यातनाएं दी गई थी। उनके प्रयासों से ही देश आजाद हुआ था। प्रत्येक देशवासी को एक बार वहां अवश्य अजाना चाहिए। उन्होंने कहा कि उद्यान बनने के बाद प्राथमिक स्तर से लेकर कॉलेज तक के विद्यार्थी यहां पर आकर गांधी जी के जीवन से प्रेरणा लेंगे।

नगर निगम की महापौर ब्रजलता हाडा ने कहा कि गांधी स्मृति उद्यान अपने आप में अलग तरह का उद्यान बन रहा है। यहां पर गांधी जी से जुडी सामग्री लगाई जाएंगी। संभागीय आयुक्त डॉ. वीना प्रधान ने कहा कि वृक्ष हमें ऑक्सीजन देते हैं। आज लगाए गए पेड़ों की नियमित रूप से देखभाल होनी चाहिए। हम सबको भी एक-एक पेड अवश्य लगाना चाहिए। उन्होंने बताया कि वे भी अंडमान निकोबार गई थी और वहां सेलुलर जेल को देखा था।

कार्यक्रम के दौरान अतिथियों को स्मृति चिन्ह प्रदान किए गए। अंत में अजमेर विकास प्राधिकारण के सचिव किशोर कुमार ने अतिथियों का आभार प्रकट किया।

इन्होंने किया वृक्षारोपण

गांधी स्मृति उद्यान पर महात्मा गांधी जीवन दर्शन समिति के संयोजक डॉ. श्रीगोपाल बाहेती तथा सहसंयोजक श्री शक्तिप्रताप सिंह, नगर निगम की महापौर श्रीमती ब्रजलता हाडा, संभागीय आयुक्त डॉ. वीना प्रधान, जिला कलक्टर एवं अजमेर स्मार्ट सिटी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी प्रकाश राजपुरोहित, जिला पुलिस अधीक्षक जगदीश चंद शर्मा, अजमेर विकास प्राधिकरण के आयुक्त अक्षय गोदारा, एडीए सचिव किशोर कुमार, पार्षद मनोज कुमार, कमल बैरवा, उमेश शर्मा एवं महेंद्र जोधा और मनोनीत पार्षद मनवर खान, भरत यादव ने वृक्षारोपण किया।

प्रोजेक्ट्स की दी जानकारी

समारोह के दौरान गांधी स्मृति उद्यान प्रोजेक्ट्स की विस्तार से जानकारी दी गई। फ्लेक्स के माध्यम से यहां पर बनने वाली डिजाइन का उल्लेख किया गया। अजमेर स्मार्ट सिटी के अतिरिक्त मुख्य अभियंता अविनाश शर्मा ने समारोह में आए अतिथियों को प्रोजेक्ट के बारे में विस्तार से बताया।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ