Ticker

6/recent/ticker-posts

अजमेर : शहर में खिलाड़ियों को एडीए की बड़ी सौगात, शहर में 5 स्थानों पर बनेंगे खेल स्टेडियम

हरिभाऊ उपाध्याय नगर, माकड़वाली रोड़, अर्जुन लाल सेठी नगर और जवाहर व राजाकोठी स्कूल में बनेंगे खेल मैदान

शहर में खेल मैदानों की कमी होगी दूर, और भी जमीनें तलाश रहा एडीए

अजमेर (AJMER MUSKAN)। अजमेर विकास प्राधिकरण ने अजमेर शहर के खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों को बड़ी सौगात दी है। प्राधिकरण अजमेर में पांच स्थानों पर खेल मैदान तैयार करने जा रहा है। इससे हजारों खिलाड़ियों को उनके घर के आस-पास ही खेल की सुविधाएं उपलब्ध होंगी। इनमें हरिभाऊ उपाध्याय नगर खेल मैदान को चंद्रबरदाई स्टेडियम की तर्ज पर विकसित किया जाएगा। शेष सभी खेल मैदान भी भूमि की उपलब्धता और खिलाड़ियों की जरूरत के मुताबिक डिजाइन किए जा रहे हैं।

अजमेर विकास प्राधिकरण के आयुक्त अक्षय गोदारा ने बताया कि मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने राज्य में खेलों को बढ़ावा देने के लिए नए स्टेडियम और खेल सुविधाएं विकसित करने की नीति लागू की है। इसी नीति के अनुसरण में प्राधिकरण शहर में विभिन्न स्थानों पर खेलों की सुविधाओं को विकसित करने जा रहा है। इन मैदानों में एथेलेटिक ट्रेक, बास्केट बॉल व वॉलीबॉल के मैदान तथा क्रिकेट के पिच भी तैयार होंगे। इसके साथ ही अन्य खेलों के लिए भी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। हरिभाऊ उपाध्याय नगर खेल मैदान की लागत 3.5 करोड़ तथा शेष सभी मैदान 70-80 लाख रूपए खर्च कर तैयार किए जाएंगे।

हरिभाऊ उपाध्याय नगर खेल मैदान

गोदारा ने बताया कि हरिभाऊ उपाध्याय नगर खेल मैदान का निर्माण करीब 25 बीघा भूमि पर किया जा रहा है। इस पर 3.5 करोड़ रूपए खर्च किए जाएंगे। इसके लिए टेण्डर शीघ्र ही कर दिए जाएंगे। यहां पर एथेलेटिक व जॉगिंग ट्रेक, वॉलीबॉल व बास्केट बॉल के दो-दो ट्रेक, क्रिकेट पिच, पार्किंग का निर्माण होगा। एडीए यहां इण्डोर स्टेडियम के लिए भी भूमि आरक्षित कर रहा है। इस मैदान के निर्माण से हरिभाऊ उपाध्याय नगर, कोटड़ा, महाराणा प्रताप नगर, प्रगति नगर, रामनगर, हाथी खेड़ा और आसपास के सभी कॉलोनियों व पैराफेरी गांवों के खेल प्रेमियों को सुविधा उपलब्ध होगी। इसके साथ ही एडीए को भूमि पर अतिक्रमण की समस्या से भी मुक्ति मिलेगी।

माकड़वाली रोड खेल मैदान

अजमेर विकास प्राधिकरण माकड़वाली रोड पर विवेकानंद अंग्रेजी माध्यम स्कूल के पीछे खाली पड़ी भूमि पर खेल मैदान विकासित करने जा रहा है। इस कार्य के टेण्डर खोल दिए गए है। शीघ्र ही इसके वर्क ऑर्डर भी जारी कर दिए जाएंगे। इस कार्य पर करीब 70-80 लाख रूपए व्यय होंगे। यहा 300 मीटर का एथेलेटिक ट्रेक, वॉलीबॉल व बास्केटबॉल मैदान तथा अन्य खेल सुविधाएं मिलेंगी। इस मैदान के बनने से पंचशील, वैशालीनगर, चौरसियावास, माकड़वाली व आसपास के क्षेत्रों के खिलाडियों व खेल प्रेमियों को सुविधा मिलेगी।

स्कूलों में बनेगी खेलों की नई दुनिया

प्राधिकरण ने स्कूलों में भी खेल प्रतिभाओं को निखारने के लिए खेल मैदानों का विकास करने का निर्णय लिया है। यहां स्कूली विद्यार्थियों के अलावा अन्य खिलाड़ी भी प्रशिक्षण प्राप्त कर सकेंगे। इसके लिए अजमेर की प्रतिष्ठित राजकीय जवाहर उच्च माध्यमिक स्कूल तथा राजकीय राजाकोठी स्कूल गुलाबबाड़ी का चयन किया गया है। इन दोनों स्कूलों में खेल मैदान, एथेलेटिक ट्रेक, वॉलीबॉल व बास्केटबॉल मैदान तथा अन्य खेल सुविधाएं मिलेंगी। इन मैदानों के तैयार होने से आसपास के हजारों लोगों को वॉकिंग व अन्य खेलों के लिए सुविधाएं मिलेंगी। इसी तरह शहर के दक्षिणी छोर पर स्थित अर्जुनलाल सेठी नगर में भी खेल मैदान विकसित किया जा रहा है।

अजमेर विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष एवं जिला कलेक्टर प्रकाश राजपुरोहित के निर्देशानुसार शहर के खेल प्रेमियों को उनके घर के आसपास खेलों की सुविधाएं देने के लिए एडीए मिशन मोड पर काम कर रहा है। शीघ्र ही इन खेल मैदानों को विकसित कर खेल प्रेमियों के लिए उपलब्ध कराया जाएगा। एडीए को अतिक्रमण की समस्या से भी मुक्ति मिलेगी।


खेल मैदान भूमि का निरीक्षण करते एडीए आयुक्त अक्षय गोदारा व अन्य अधिकारी


हरिभाऊ उपाध्याय नगर खेल मैदान का प्रस्तावित नक्शा

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ