Ticker

6/recent/ticker-posts

अजमेर जिले की बड़ी उपलब्धि छुआ 12 लाख वैक्सीनेशन का आंकड़ा

अजमेर जिले की बड़ी उपलब्धि छुआ 12 लाख वैक्सीनेशन का आंकड़ा

जिला सर्वाधिक लक्ष्य अर्जित कर राज्य में रहा अव्वल

अजमेर (AJMER MUSKAN)। आमजन में टीकाकरण के प्रति उत्साह से अजमेर जिले ने 12 लाख वैक्सीनेशन का आंकड़ा छू लिया। राज्य में सर्वाधिक प्रतिशत लक्ष्य हासिल कर अजमेर जिला अव्वल रहा है। यह जिले की एक बड़ी उपलब्धि है।


मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. के.के. सोनी
ने बताया कि जिला कलेक्टर प्रकाश राजपुरोहित ने कोरोना टीकाकरण अभियान की सीधी मॉनिटरिंग की। टीकाकरण केन्द्रों पर आवश्यक संसाधनों के संबंध में कार्मिकों एवं आमजन से सीधा संवाद किया गया। इसके आधार पर टीकाकरण के लिए प्रभावी रणनीति बनाई गई। सरकार द्वारा टीकाकरण अभियान आरम्भ करने के साथ ही जिले के अधिकतम निवासियों को प्रतिरक्षित करने के लिए प्रत्येक स्तर पर कार्य किया गया। इसके लिए उपखण्ड अधिकारी को इंसीडेन्ट कमाण्डर नियुक्त कर वैक्सीनेशन की मॉनिटरिंग के लिए निर्देशित किया गया।

श्री प्रेम प्रकाश मंदिर जोधपुर में श्रद्धा से मनाया जा रहा है सतगुरु स्वामी टेऊँराम महाराज का चालीहा उत्सव

उन्होंने बताया कि टीकाकरण प्रबंधन के आधार पर कार्य करते हुए जिले में 12 लाख से अधिक व्यक्तियों का टीकाकरण होना एक बड़ी उपलब्धि हैं। जिले में 19 लाख 38 हजार 106 व्यक्तियों का टीकाकरण करने के लिए लक्ष्य निर्धारित किया गया था। अब तक 9 लाख 72 हजार 636 को टीके की प्रथम खुराक दी चुकी है। इसी प्रकार द्वितीय खुराक 2 लाख 35 हजार 628 व्यक्तियों को लगाई गई है। निर्धारित लक्ष्यों में से 49.3 प्रतिशत को प्रथम तथा 12.1 प्रतिशत को द्वितीय खुराक लगाई जा चुकी है। अजमेर इस आधार पर राज्य में सर्वाधिक प्रतिशत लक्ष्य प्राप्त करने वाला जिला बन गया है। इसके लिए जिला कलक्टर श्री प्रकाश राजपुरोहित ने चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग, शिक्षा विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग तथा अन्य विभागों एवं संस्थाओं को बधाई दी। साथ ही टीकाकरण में लगे कार्मिकों को उत्साह एवं मेहनत के साथ भविष्य में भी कार्य करने का आह्वान किया।

उन्होंने बताया कि जिले में 9 लाख 94 हजार से अधिक व्यक्तियों को कोविशिल्ड तथा 2 लाख 13 हजार से अधिक व्यक्तियों को कोवैक्सीन लगाई गई है।  टीकाकरण में 6 लाख 18 हजार से अधिक पुरूष तथा 5 लाख 89 हजार से अधिक महिलाओं को प्रतिरक्षित किया गया है। इनमें से 60 वर्ष से अधिक आयु के 3 लाख 55 हजार से अधिक, 45 वर्ष से 59 वर्ष के 3 लाख 79 हजार से अधिक तथा 18 वर्ष से 44 वर्ष के 4 लाख 73 हजार से अधिक व्यक्ति शामिल हैं।

उन्होंने बताया कि कोरोना वैक्सीन के संबंध में आमजन को जागरूक किया गया। टीके के संबंध में व्यक्तियों की भ्रांतियों का निराकरण भी किया गया। इसके लिए इंसीडेन्ट कमाण्डर के नेतृत्व में दलों का गठन किया गया। इन दलों के द्वारा क्षेत्र में सम्पर्क करके टीके के प्रति जागरूक करने के साथ-साथ भ्रान्तियों को भी दूर किया गया। घर-घर सर्वे अभियान के दौरान टीकाकरण से वंचित व्यक्तियों के बारे में जानकारी प्राप्त की गई। इनसे सम्पर्क कर टीकाकरण के लिए प्रोत्साहित किया गया।

उन्होंने बताया कि सरकार द्वारा 18 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के समस्त व्यक्तियों का टीकाकरण आरंभ करने के पश्चात आमजन में टीकाकरण के लिए विशेष उत्साह का वातावरण बना। इससे अब तक 12 लाख 8 हजार 264 टीके लगाया जाना संभव हो पाया। टीकाकरण में लगे कार्मिक अभियान के दौरान प्रातः से ही देर शाम तक टीकाकरण के लिए मुस्तैद रहे। जून माह की 21 तारीख को एक दिन में 56 हजार से अधिक वैक्सीनेशन कर रिकॉर्ड बनाया गया। अब तक 12 लाख से अधिक व्यक्तियों का टीकाकरण किया जाना अजमेर के लिए एक उपलब्धि है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ