Ticker

6/recent/ticker-posts

अजमेर स्मार्ट सिटी के 100 प्रोजेक्ट के कार्य आदेश जारी


मुख्य कार्यकारी अधिकारी ने विभिन्न प्रोजेक्ट्स का किया निरीक्षण, बैठक में कार्यों की समीक्षा 

अजमेर (AJMER MUSKAN)। जिला कलेक्टर एवं अजमेर स्मार्ट सिटी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी प्रकाश राजपुरोहित व नगर निगम आयुक्त एवं अजमेर स्मार्ट सिटी के अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी डॉ. खुशाल यादव के कुशल निर्देशन में अजमेर स्मार्ट सिटी के विभिन्न कार्यों हेतु स्मार्ट सिटी ग्रान्ट के तहत जारी की गई 930 करोड़ रूपए के राशि कार्यों के कार्यादेश जारी कर दिए गए हैं। उल्लेखनीय है कि अजमेर स्मार्ट सिटी द्वारा विभिन्न 100 प्रोजेक्ट्स मूलभूत निविदा प्रक्रिया पूर्ण कर समस्त कार्यादेश जारी कर दिए गए हैं। मुख्य कार्यकारी अधिकारी ने समस्त इस कार्य के लिए टीम वर्क की सराहना की है। 


कलेक्ट्रेट के सभागार में स्मार्ट सिटी कार्यों की साप्ताहित समीक्षा बैठक आयोजित 

बैठक में मुख्य कार्यकारी अधिकारी प्रकाश राजपुरोहित ने तोपदड़ा खेल मैदान में आ रही बाधाओं को दूर करने के लिए अतिरिक्त जिला कलक्टर (शहर) गजेंद्र सिंह को नोडल अधिकारी नियुक्त किया। उन्होंने एलीवेटेड रोड के ठेकेदार को पाबंद किया कि तोपदड़ा खेल मैदान में डाले गए कंक्रीट एवं डामर ब्लॉक को शीघ्र हटाया जाए ताकि संपर्क सड़क का निर्माण किया जाए और खेल मैदान के लिए आवंटित कार्य को तय समय में पूरा किया जा सके। इसके अतिरिक्त इंडिया मोटर सर्किल एवं गांधी भवन पर सड़क मरम्मत हेतु भी ठेकेदार को पाबंद किया गया है। बैठक के दौरान आरएसआरडीसी के प्रोजेक्ट डायरेक्टर ने बताया कि एलसी – 2 एवं गुलाबबाड़ी पर बन रहे आरओबी को दिसंबर माह तक पूर्ण कर लिया जाएगा। वर्तमान में दोनों आरओबी पर कार्य प्रगतिरत है। पीएचईडी के अधीक्षण अभियंता ने बताया कि जलापूर्ति में प्रेशर हेतु अजमेर स्मार्ट सिटी के तहत डाली जाने वाली पाइप लाइनों का कार्य पुन: आरंभ कर दिया है। इसी प्रकार महाराणा प्रताप नगर में जल योजना का कार्य भी आरंभ कर दिया गया है। बैठक में एसडीएम अजमेर देविका तोमर ने बताया कि लेकफ्रंट बर्ड पार्क म्यूजिकल फाउंटेन शीघ्र ही चालू कर दिया जाएगा। गांधी स्मृति उद्यान एवं विवेकानंद पार्क का कार्य युद्ध स्तर पर जारी है। डिजिटल लाइब्रेरी सूचना केंद्र द्वारा शीघ्र ही आमजन को शीघ्र ही ऑनलाइन कितावें उपलब्ध करवाई जाएंगी। प्रोटोकॉल अधिकारी आलोक जैन ने बताया कि अमरद्वीप कॉलोनी में पार्क का कार्य प्रगतिरत है एवं प्रगतिनगर कोटड़ा में खेल मैदान का कार्य पूर्ण कर लिया गया है। बैठक में एडीए आयुक्त अक्षय गोदारा मौजूद रहे। 

निरीक्षण कर कार्यों की समीक्षा 

जिला कलेक्टर एवं अजमेर स्मार्ट सिटी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी प्रकाश राजपुरोहित ने बुधवार को स्मार्ट सिटी अधिकारियों एवं संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ कार्यों का निरीक्षण किया। सबसे पहले उन्होंने आनासागर एस्कैप चैनल का निरीक्षण किया। पाल बिछला में आनासागर एस्कैप चैनल में हुई कंक्रीटिंग कार्य का अवलोकन किया एवं बरसात को ध्यान में रखते हुए तोड़ी गई दीवार की मरम्मत शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए। इसके बाद तोपदड़ा खेल मैदान का निरीक्षण कर वैकल्पिक मार्ग बनाते हुए प्रोजेक्ट को तय समय सीमा में पूरा करने हेतु अधिकारियों को पाबंद किया। पटेल मैदान में बन रहे स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, स्वीमिंग पूल इत्यादि कार्य की गति बढ़ाने के लिए अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए। मेडिसन एवं पीडिएट्रिक ब्लॉक में चले कार्य को बरसात से पूर्व जमीन स्तर के ऊपर लाने हेतु भी निर्देश दिए।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ