Ticker

6/recent/ticker-posts

विश्व जनसंख्या दिवस पर होगा विभिन्न गतिविधियों का आयोजन


अजमेर (AJMER MUSKAN)।
विश्व जनसंख्या दिवस के अवसर पर आगामी 24 जुलाई तक विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. के.के. सोनी ने बताया कि विश्व जनसंख्या दिवस 2021 आगामी 11 जुलाई को मनाया जाएगा। इसके तहत दो चरणों में परिवार कल्याण गतिविधियां आयोजित की जा रही है। इस वर्ष 2021-2022 की गतिविधिया आपदा में भी परिवार नियोजन की तैयारी, सक्षम राष्ट्र और परिवार की पूरी जिम्मेदारी की थीम पर आधारित होगी। जिले में 27 जून से 10 जुलाई 2021 तक मोबिलाइजेशन पखवाड़ा मनाया जाएगा। इसके तहत योग्य दम्पत्तियों से सम्पर्क किया जा रहा है। द्वितीय चरण में 11 जुलाई से 24 जुलाई 2021 तक जनसंख्या स्थिरता पखवाड़ा चलेगा। इसके तहत परिवार कल्याण के स्थाई एवं अस्थाई साधन अपनाने वालों को जिले के विभिन्न परिवार कल्याण केन्द्रो पर सेवाएं प्रदान की जाएगी।

उन्होंने बताया कि योग्य दम्पति से संपर्क कर सीमित परिवार और स्थाई व अस्थाई परिवार कल्याण साधनों की जानकारी देने के लिए जिले भर में मोबिलाइजेशन पखवाडा शुरू किया गया है। 10 जुलाई तक चलने वाले पखवाड़े के दौरान जिले के गांव ढाणियों में स्वास्थ्य कार्यकर्ता, आशा सहयोगिनी व आंगनबाड़ी कार्यकर्ता अपने क्षेत्र में जन-जागृति के लिए कार्य करेगी। इस दौरान सोशल डिस्टेंसिंग मास्क व सेनेटाईजर का उपयोग करते हुए गतिविधियां करवाई जाएंगी। मोबिलाईजेशन पखवाड़ा पहले चरण में स्वास्थ्य कार्यकर्ता योग्य दंपत्तियों को सीमित परिवार रखने के लाभ सहित कई जानकारियां देगें।

अतिरिक्त मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (प.क.) डॉ. एस. एस. जोधा ने बताया कि द्वितीय चरण में नसबंदी सेवाओं के लिए जिले में विभिन्न पीएचसी एवं सीएचसी पर नियत दिवस नसबंदी सेवाएं आयोजित की जाएगी। इसके तहत महिला एवं पुरूष नसबंदी की सेवाएं प्रदान की जाएगी। जिले के स्टेटिक सेन्टर राजकीय अमृतकौर चिकित्सालय ब्यावर, राजकीय जिला चिकित्सालय केकड़ी, राजकीय चिकित्सालय नसीराबाद, यज्ञ नारायण चिकित्सालय किशनगढ़, एफआरएचएस इण्डिया अजमेर, परिवार सेवा संस्थान अजमेर एवं दीपमाला पागारानी चिकित्सालय, अजमेर में प्रतिदिन पुरुष एवं महिला नसबंदी की सेवाएं उपलब्ध रहेगी।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ