Ticker

6/recent/ticker-posts

अजमेर : पेयजल एवं विद्युत आपूर्ति के संबंध में बैठक आयोजित


विधायकों ने अवगत कराया क्षेत्र की समस्याओं से
निस्तारण के लिए अधिकारियों को दिए निर्देश

अजमेर (AJMER MUSKAN)। जिला कलेक्टर प्रकाश राजपुरोहित की अध्यक्षता में जिले में पानी और बिजली से संबंधित समस्याओं के निस्तारण के लिए विधायकों एवं विभागीय अधिकारियों की बैठक सोमवार को कलक्ट्रेट सभागार में आयोजित हुई। इसमें अजमेर उतर, अजमेर दक्षिण, पुष्कर, मसूदा, किशनगढ़ एवं नसीराबाद के विधायकों ने अपने क्षेत्र की समस्याओं से विभागीय अधिकारियों को अवगत करवाया। इनके निस्तारण के लिए अधिकारियों को निर्देश प्रदान किए गए।

जिला कलेक्टर प्रकाश राजपुरोहित ने बताया कि प्रभारी मंत्री लाल चंद कटारिया के द्वारा जिले के अधिकारियों के साथ बैठक आयोजित की गई थी। प्रभारी मंत्री के निर्देशानुसार बिजली एवं पानी से जुड़ी समस्याओं के समाधान के लिए जनप्रतिनिधियों एवं विभागीय अधिकारियों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में समस्त विधायकों ने क्षेत्र में व्यवधान रहित विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने पर जोर दिया। विद्युत तंत्र की मरम्मत आदि कार्यो के लिए पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार कटौती की जा सकती है। जिले में पेयजल आपूर्ति के समयान्तराल को न्यूनतम 48 घण्टे करने की बात कही गई। साथ ही क्षेत्र में जलापूर्ति निर्धारित शेड्यूल के अनुसार करने के संबंध में निर्देश दिए गए। अंतिम छोर तक पानी पहुंचाने में आ रही बाधाओं को दूर किया जाए। जिले में हैण्डपंप मरम्मत के लिए विशेष अभियान चलाया लाएगा। आगामी सात दिवस में समस्त हैण्डपम्पों को सुधरवाना सुनिश्चित किया जाए। हैण्डपम्प मरम्मत के लिए स्थानीय स्तर पर से शिकायत आने से पूर्व ही लोकल मॉनेटरिंग सिस्टम से जानकारी प्राप्त कर हैण्डपम्प मरम्मत किया जाना चाहिए।

मसूदा विधायक राकेश पारीक ने कहा कि जनता जल योजना के कार्य प्राथमिकता के साथ करवाए जाए। जनता जल योजना के माध्यम से पेयजल सप्लाई आरम्भ होने तक ग्रामीणों को वैकल्पिक व्यवस्था से पेयजल उपलब्ध करवाया जाए। जनता जल योजना के विभिन्न चरणों के दौरान किए जाने वाले कार्यों की जानकारी स्थानीय जनप्रतिनिधियों को भी होनी चाहिए। सरकार द्वारा घोषित 40 हैण्डपंप एवं 10 बोरिंग की खुदाई जल्दी की जाए। इससे आमजन को समय पर पानी मिल सकेगा। जालिया, पीपलाज एवं खरवा जैसे क्षेत्रों में पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। विधानसभा क्षेत्र में विधायक फण्ड से बिजली की लाइनें स्थानांतरित किया जाने का कार्य स्वीकृत किया गया था। इसे शीघ्र पूर्ण करवाया जाए। ढीले तारों को अभियान चलाकर ठीक किया जाए।

किशनगढ़ विधायक सुरेश टांक ने कहा कि विधानसभा क्षेत्र की 6 ग्राम पंचायतें सरवाड़ वृत्त में आती है। इन्हें अंराई वृत्त से जोड़ना जनहित में रहेगा। साथ ही इससे प्रशासनिक स्तर पर मॉनिटरिंग भी आसान रहेगी। क्षेत्र में अवैध कनेक्शन एवं बुस्टरों पर रोक लगाना आवश्यक है। उसके लिए विशेष अभियान भी चलाया जाए। किशनगढ़ शहर में आबादी के विस्तार के अनुसार विद्युत तंत्र को सुदृढ़ नहीं किया गया है। नई आबादी के कारण बढ़े हुए लोड़ के अनुसार नए ट्रांसफार्मर लगाकर ट्रिपिंग को रोका जाए।

अजमेर उतर विधायक वासुदेव देवनानी ने कहा कि विधानसभा क्षेत्र में 72 से 96 घण्टे के अंतराल से पेयजल आपूर्ति की जा रही है। अजमेर शहर के सभी क्षेत्रों में 48 घण्टे में जलापूर्ति सुनिश्चित की जानी चाहिए। पेयजल सफलाई के समय कम प्रेशर की समस्या का सामना करना पड़ता है। इसीलिए नियमित अंतराल पर पूरे समय अच्छे  प्रेशर के साथ जलापूर्ति सुनिश्चित की जाए। संकरी गलियों में हैण्डपंप मरम्मत के लिए छोटी मशीन की खरीददारी तुरंत प्रभाव से की जाए। अजमेर उतर विधानसभा क्षेत्र की अधिकांश कॉलोनियों में पेयजल संकट है। अधिकारियों के माध्यम से पेयजल सप्लाई के समय औचक निरीक्षण करवाया जाए। इस दौरान स्थानीय पार्षदों को भी साथ रखा जाए। रोडवेज स्टेशन के पास स्थित वॉल्व को बंद किया जाए। विभिन्न कॉलोनियों में नई पाईपलाईन माइल्ड स्टील की डाली जाए। कई कॉलोनियों में आबादी बढ़ने से पूर्व में डाली गई पाइप लाइन छोटी पड़ने लग गई है। इसके स्थान पर नई पाइप लाईन डालने के प्रस्ताव तैयार किए जाए।

अजमेर दक्षिण विधायक अनिता भदेल ने कहा कि जागृति नगर अजय नगर में लम्बे समय से स्वीकृत पानी की टंकी नहीं बन पाई है। इससे परियोजना की लागत में लगभग 41 लाख की बढ़ोतरी हो गई। समय पर कार्य नहीं होने से आमजन को परेशानी का सामना करना पड़ता है। राजीव कॉलोनी सुभाष नगर, पृथ्वीराज नगर एवं धौला भाटा डिस्पेंसरी की हाईटेंशन लाईन हटाने की कार्यवाही तुरंत प्रभाव से आरंभ की जाए। स्मार्ट सिटी के माध्यम से करवाए जाने वाले कार्यो को जनप्रतिनिधियों के साथ साझा किया जाए। टाटा पॉवर द्वारा डिमाण्ड नोट के साथ नए उपभोक्ताओं को अनावश्यक बढ़ाकर राशि भेजी जाती है। इसकी जांच करने के लिए जिला कलक्टर ने अधीक्षण अभियंता को निर्देशित किया।

पुष्कर विधायक सुरेश सिंह रावत ने कहा कि रूपनगढ़ क्षेत्र में लम्बे समय से पानी की समस्या बनी हुई है। इसका निस्तारण करने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाए। कल्याणीपुरा पम्प हाउस से जुड़े हुए अन्तिम छोर के क्षेत्रों को गेगल पंप हाउस से जोड़कर पेयजल समस्या का समाधान किया जा सकता है। जल जीवन मिशन योजना के टेंडर जारी होने के उपरांत ही जल संबंध के लिए आवश्यक राशि संग्रहित की जाए। विद्युत तंत्र की मेंटेनेंश में लगे ठेकेदारों की मोनेटरिंग आवश्यक है। भूडोल जीएसएस की समस्याओं के समाधान के लिए भी चर्चा की गई।

नसीराबाद विधायक रामस्वरूप लाम्बा ने कहा कि झड़वासा के पास रोड़ कटिंग के कारण लाइन क्षतिग्रस्त हो गई है। इसे दुरस्त करवाया जाए। रामसर पंप हाउस की मरम्मत के लिए आवश्यक संसाधन समय पर उपलब्ध होने चाहिए। क्षेत्र में बकाया कृषि कनेक्शनों को जारी करने के बारे में भी चर्चा हुई।

इस अवसर पर अतिरिक्त जिला कलेक्टर कैलाश चंद्र शर्मा, जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के अधीक्षण अभियंता सी.एल. जाटव, विद्युत विभाग के शीशराम सहित विभागीय अधिकारी उपस्थित थे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ