Ticker

6/recent/ticker-posts

घर-घर सर्वे अभियान का तृतीय चरण : एक लाख से अधिक घरों का हुआ सर्वे, मिले 3289 मरीज


अजमेर (AJMER MUSKAN)।
कोरोना संक्रमण को रोकने के लिए चलाए जा रहे घर-घर सर्वे अभियान के तृतीय चरण में एक लाख 19 हजार 706 घरों का सर्वे किया गया। इस दौरान जिले में 3289 खांसी, बुखार एवं जुकाम के मरीज चिन्हित किए गए।

जिला कलेक्टर प्रकाश राजपुरोहित ने बताया कि कोरोना के संक्रमण को रोकने के लिए जिला प्रशासन प्रत्येक स्तर पर प्रयासरत है। इसकी चेन को तोड़ने के लिए लॉकडाउन के साथ-साथ आइएलआइ लक्षणों के मरीजों को घर पर ही उपचार उपलब्ध कराया जा रहा है। इसके लिए इंसीडेंट कमाण्डर्स द्वारा टीमों का गठन कर घर-घर सर्वे अभियान चलाया गया। इसके तृतीय चरण में एक लाख 19 हजार 706 घरों का सर्वे किया गया। सर्वे किए गए घरों में से 2968 घरों में 3289 मरीजों को चिन्हित किया गया। इनमें से 284 व्यक्तियों ने स्थानीय चिकित्सालय से उपचार आरम्भ कर दिया। सर्वे दलों द्वारा 3005 व्यक्तियों को मौके पर मेडिकल किट प्रदान कर उपचार आरम्भ किया गया। अजमेर शहर में 24001 घरों के सर्वे में 491 घरों में 563 मरीज पाए गए। इनमें से 511 व्यक्तियों को मेडिकल किट दिए गए।

उन्होंने बताया कि ग्रामीण क्षेत्रों में उपखण्ड अधिकारियों द्वारा टीमों का गठन कर सर्वे कार्य आरम्भ किया गया। उपखण्ड क्षेत्र नसीराबाद के 7299 घरों के सर्वे में 291 परिवारों के 295 सदस्यों के बीमार पाए जाने पर 265 मेडिकल किट दिए गए। पुष्कर क्षेत्र में 703 घरों का सर्वे हुआ। यहां 11 मरीजों को उपचार सुलभ करवाया गया। किशनगढ़ क्षेत्र में 14754 घरों के सर्वे में से 172 घरों में 195 मरीजों में से 145 को मेडिकल किट दिए गए। रूपनगढ़ क्षेत्र में 10042 घरों का दलों द्वारा सर्वे करने पर 82 घरों में 113 व्यक्ति बुखार, जुकाम एवं खांसी के पाए गए। इनमें से 84 को मेडिकल किट प्रदान किए गए। भिनाय क्षेत्र के 10451 घरों के सर्वे में 252 घरों में 314 मरीजों को मेडिकल किट वितरित किए गए। मसूदा क्षेत्र में 8805 घरों के सर्वे में 251 घरों के 290 व्यक्ति बीमार चिन्हित किए गए। इनमें से 270 को मेडिकल किट दिए गए।

उन्होंने बताया कि इसी प्रकार उपखण्ड क्षेत्र टॉडगढ में 4001 घरों का सर्वे हुआ। यहां 161 घरों में 168 मरीजों मे से 158 को मेडिकल किट प्रदान किया गया। सरवाड़ क्षेत्र के 10896 घरों के सर्वे में 302 घरों में पाए गए 335 मरीजों को मेडिकल किट दिए गए। अरांई क्षेत्र में 10411 घरों के सर्वे में 306 व्यक्तियों को बीमार होने पर मेडिकल किट दिए। उपखण्ड क्षेत्र ब्यावर में 10711 घरों में सर्वे दल पहुंचा। क्षेत्र के 293 घरों में 310 मरीजों में से 221 को मौके पर दवा दी गई। पीसांगन क्षेत्र में 7632 घरों का सर्वे करने पर 356 घरों में 389 मरीजों को मेडिकल किट उपलब्ध करवाए गए।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ