Ticker

6/recent/ticker-posts

जेएलएन अस्पताल अजमेर : कोरोना मरीजों के लिए एडवाइजरी जारी

अस्पताल में उपचार की सम्पूर्ण व्यवस्था - डॉ. अनिल जैन


होम आइसोलेट मरीज भी निर्धारित तरीके से लेट कर बढ़ा सकते हैं ऑक्सीजन लेवल

अजमेर (AJMER MUSKAN)। राजकीय जवाहर लाल नेहरू चिकित्सालय ने कोरोना बीमारी से संक्रमित मरीजों में ऑक्सीजन का स्तर बढाने के लिए एडवाइजरी जारी की है। कोरोना के मरीज निर्धारित तरीके से पेट के बल या करवट से लेट कर अपना ऑक्सीजन लेवल बढा सकते हैं। अस्पताल ने स्पष्ट किया है कि कृत्रिम तरीके से जरूरत से ज्यादा ऑक्सीजन लेना भी नुकसानदायक हो सकता है।

जेएलएन अस्पताल अधीक्षक डॉ. अनिल जैन ने बताया कि चिकित्सालय में कोरोना मरीजों के उपचार की सम्पूर्ण व्यवस्था है जो भी भर्ती होने लायक मरीज आ रहे हैं उन सभी को अस्पताल में भर्ती कर उपचार किया जा रहा है। मरीजों को उनकी आवश्यकता के अनुसार सभी तरह की दवाईयां तथा ऑक्सीजन भी उपलब्ध करवाई जा रही है। डॉ. जैन ने कहा कि ऑक्सीजन एक दवाई की तरह उपयोग में आती है। इसका अधिक सेवन भी शरीर को नुकसान पहुंचा सकता है। मरीज बिना किसी घबराहट के चिकित्सक से सम्पर्क करें तथा उनकी सलाह के अनुसार ही ऑक्सीजन लें। यह देखने में आ रहा है कि कुछ मरीज घबराहट या चिन्ता के कारण घर या अस्पताल में जरूरत से ज्यादा ऑक्सीजन ले रहे हैं, उन्हें ऎसा नहीं करके चिकित्सकों की सलाह के अनुसार ही उपचार लेना चाहिए।

इस तरह बढा सकते हैं अपना ऑक्सीजन लेवल

डॉ. जैन ने बताया कि गहरी सांस, श्वसन संबंधी व्यायाम तथा अपने सोने व लेटने के तरीकों में बदलाव कर मरीज अपना ऑक्सीजन लेवल बढा सकते हैं। यह उन्हें प्राकृतिक रूप से बीमारी से उबरने में सहायता करेगा।

1.   30 मिनट से दो घंटे पेट के बल लेटें।

2.   30 मिनट से दो घंटे दांयी तरफ करवट लेकर लेटें।

3.   30 मिनट से दो घंटे बैठे रहें।

4.   30 मिनट से दो घंटे बांयी तरफ करवट लेकर लेटें।

5.   30 मिनट से दो घंटे पेट के बल लेटें।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ