Ticker

6/recent/ticker-posts

अजमेर नगर निगम के महापौर पद के लिए भाजपा से ब्रजलता और कांग्रेस से द्रोपदी का सीधा मुकाबला

नगरीय निकाय चुनाव-2021: नाम वापसी के पश्चात पांचों निकायों में सीधा मुकाबला


अजमेर (AJMER MUSKAN)।
नगरीय निकाय चुनाव 2021 के अन्तर्गत अध्यक्षीय पदों के निर्वाचन के तहत गुरूवार को नाम वापसी के पश्चात जिले के सभी निकायों में 2-2 प्रत्याशी होने से सीधा मुकाबला होगा। निर्वाचन लड़ने वाले अभ्यर्थियों को प्रतीक आवंटन किया गया।

जिला निर्वाचन अधिकारी प्रकाश राजपुरोहित ने बताया कि जिले में 5 नगरीय निकायों के अध्यक्ष पदों के चुनाव के लिए गुरूवार को नाम वापसी का अन्तिम दिन था। इस दिन अजमेर नगर निगम के महापौर पद के लिए चंचल देवी, पिंकी तथा काजल यादव ने अपने नाम वापस ले लिए। इससे अब इण्डियन नेशनल कांग्रेस की द्रोपदी तथा भारतीय जनता पार्टी की ब्रजलता चुनाव मैदान में है।

उन्होंने बताया कि नाम वापसी के पश्चात नगर निगम अजमेर, नगर परिषद किशनगढ़, नगर पालिका बिजयनगर, केकड़ी एवं सरवाड़ के लिए 2-2 उम्मीदवार अध्यक्षीय पद के चुनाव मैदान में है। अध्यक्ष पद के लिए मतदान रविवार 7 फरवरी को प्रातः 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक होगा। मतदान समाप्ति के तुरन्त पश्चात मतगणना की जाएगी।

उन्होंने बताया कि नगरीय निकायों के उपाध्यक्ष पद के लिए निर्वाचन प्रक्रिया सोमवार 8 फरवरी को सम्पन्न होगी। निर्वाचन प्रक्रिया के लिए बैठक प्रातः 10 बजे आरम्भ होगी। इसमें प्रातः 11 बजे तक नामांकन पत्र प्रस्तुत किए जा सकेंगे। नामांकन पत्रों की संवीक्षा प्रातः 11.30 बजे से आरम्भ होगी। दोपहर 2 बजे तक अभ्यर्थी अपने नाम वापस ले सकते है। आवश्यक होने पर मतदान दोपहर 2.30 बजे से शाम 5 बजे तक होगा। मतदान के तुरन्त पश्चात मतगणना होगी।

अब ये है मैदान में

उन्होंने बताया कि अजमेर नगर निगम के महापौर पद के लिए भारतीय जनता पार्टी से ब्रजलता, इण्डियन नेशनल कांग्रेस से द्रोपदी सीधा मुकाबला करेंगे। इसी प्रकार किशनगढ़ नगर परिषद के सभापति पद के लिए भारतीय जनता पार्टी से दिनेश सिंह तथा इण्डियन नेशनल कांग्रेस से प्रदीप कुमार अग्रवाल, नगरपालिका सरवाड़ के अध्यक्ष पद के लिए इण्डियन नेशनल कांग्रेस से छगन कंवर तथा भारतीय जनता पार्टी से शारदा देवी, नगर पालिका केकड़ी के अध्यक्ष पद के लिए इण्डियन नेशनल कांग्रेस से कमलेश कुमार साहू तथा भारतीय जनता पार्टी से मिश्री लाल एवं नगरपालिका बिजयनगर के अध्यक्ष पद के लिए इण्डियन नेशनल कांग्रेस से ज्योति यादव तथा भारतीय जनता पार्टी से अनिता के मध्य मुकाबला होगा।


एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ