Ticker

6/recent/ticker-posts

अजमेर नगर निगम महापौर चुनाव के लिए 5 अभ्यर्थी मैदान में


अजमेर (AJMER MUSKAN)
। नगरीय निकाय चुनाव 2021 के अन्तर्गत अध्यक्षीय पदों के निर्वाचन के तहत बुधवार को नाम निर्देशन पत्रों की संवीक्षा की गई। अजमेर नगर निगम महापौर चुनाव के लिए पांच प्रत्याशी मैदान में है। सिम्बल प्रस्तुत नहीं करने पर दो अभ्यर्थियों के नामांकन निरस्त किए गए। ये अभ्यर्थी अब निर्दलीय मैदान में है।

जिला निर्वाचन अधिकारी प्रकाश राजपुरोहित ने बताया कि जिले में 5 नगरीय निकायों के अध्यक्ष पदों के चुनाव के लिए प्राप्त नाम निर्देशन पत्रों की संवीक्षा संबंधित रिटर्निंग अधिकारी द्वारा की गई। संवीक्षा को दौरान अजमेर नगर निगम महापौर पद के 2 नाम निर्देशन पत्र निरस्त किए गए। चंचल देवी पत्नी निर्मल कुमार तथा पिंकी पत्नी चन्द्रशेखर बालोटिया ने इंडियन नेशनल कांग्रेस से भी नामांकन भरा था। संबंधित राजनैतिक दल द्वारा जारी सिम्बल प्रस्तुत नहीं करने के कारण इनके नाम निर्देशन पत्र निरस्त किए गए।

उन्होंने बताया कि नाम निर्देशन पत्रों की संवीक्षा के पश्चात नगर निगम अजमेर के लिए 5, नगर परिषद किशनगढ़, नगर पालिका बिजयनगर, केकड़ी एवं सरवाड़ के लिए 2-2 उम्मीदवारों के नाम निर्देशन पत्र सही पाए गए। अभ्यर्थिता वापस लेने के लिए गुरूवार 4 फरवरी अपराह् 3 बजे तक का समय निर्धारित है। इसके तुरन्त पश्चात चुनाव चिन्हों का आंवटन किया जाएगा। अध्यक्ष पद के लिए मतदान रविवार 7 फरवरी को प्रातः 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक होगा। मतदान समाप्ति के तुरन्त पश्चात मतगणना की जाएगी।

उन्होंने बताया कि नगरीय निकायों के उपाध्यक्ष पद के लिए निर्वाचन प्रक्रिया सोमवार 8 फरवरी को सम्पन्न होगी। निर्वाचन प्रक्रिया के लिए बैठक प्रातः 10 बजे आरम्भ होगी। इसमें प्रातः 11 बजे तक नामांकन पत्र प्रस्तुत किए जा सकेंगे। नामांकन पत्रों की संवीक्षा प्रातः 11.30 बजे से आरम्भ होगी। दोपहर 2 बजे तक अभ्यर्थी अपने नाम वापस ले सकते है। आवश्यक होने पर मतदान दोपहर 2.30 बजे से शाम 5 बजे तक होगा। मतदान के तुरन्त पश्चात मतगणना होगी।

अब ये है मैदान में

उन्होंने बताया कि अजमेर नगर निगम के महापौर पद के लिए भारतीय जनता पार्टी से ब्रजलता, इण्डियन नेशनल कांग्रेस से द्रोपदी तथा निर्दलीय चंचल देवी, पिंकी एवं काजल यादव मैदान में है। इसी प्रकार किशनगढ़ नगर परिषद के सभापति पद के लिए भारतीय जनता पार्टी से दिनेश सिंह तथा इण्डियन नेशनल कांग्रेस से प्रदीप कुमार अग्रवाल, नगरपालिका सरवाड़ के अध्यक्ष पद के लिए इण्डियन नेशनल कांग्रेस से छगन कंवर तथा भारतीय जनता पार्टी से शारदा देवी, नगर पालिका केकड़ी के अध्यक्ष पद के लिए इण्डियन नेशनल कांग्रेस से कमलेश कुमार साहू तथा भारतीय जनता पार्टी से मिश्री लाल एवं नगरपालिका बिजयनगर के अध्यक्ष पद के लिए इण्डियन नेशनल कांग्रेस से ज्योति यादव तथा भारतीय जनता पार्टी से अनिता के मध्य मुकाबला होगा।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ