Ticker

6/recent/ticker-posts

राजस्व वादों के त्वरित निस्तारण के लिए होंगे प्रभावी प्रयास - डाॅ. वेंकटेश्वरन

अजमेर। राजस्व मंडल अध्यक्ष डाॅ. आर. वेंकटेश्वरन ने कहा कि राजस्व मंडल में लंबित राजस्व वादों के त्वरित निस्तारण के लिए प्रभावी कदम उठाए जाएंगे।


वेंकटेश्वरन ने राजस्व मंडल अध्यक्ष पद पर नियुक्त होने के पश्चात गुरुवार को राजस्व मंडल की विविध गतिविधियों की समीक्षा करते हुए यह बात कही। उन्होंने कोर्ट मैनेजमेंट सिस्टम को अधिक प्रभावी बनाते हुए नवीन दर्ज होने वाले प्रकरणों एवं पुराने बकाया प्रकरणों के निस्तारण पर विशेष जोर दिया। उन्होंने राज्य के सभी राजस्व न्यायालयों में रेवेन्यू कोर्ट मैनेजमेंट सिस्टम का शत प्रतिशत उपयोग करने की बात कही। उन्होंने डिजिटल इंडिया लैंड रिकाॅर्ड मॉडर्नाइजेशन प्रोग्राम को महत्वपूर्ण बताते हुए विशेष ध्यान देकर इसे जनहित में प्रभावी ढंग से लागू करने पर भी जोर दिया। श्री वेंकटेश्वरन ने राजस्व विभागीय दायित्वों को प्रभावी ढंग से क्रियान्वित करने के मद्देनजर निचले स्तर तक निरीक्षण कार्यक्रम आयोजित करने पर भी जोर दिया।


उन्होंने कहा कि कार्मिकों की पदोन्नति या वरिष्ठता सूचियां अथवा जांच जैसे मुद्दों को भी शीघ्रता से निपटाया जाकर कार्मिकों को राहत प्रदान करने की आवश्यकता है। मंडल अध्यक्ष ने राजस्व मंडल की विभिन्न शाखाओं व अनुभागों का अवलोकन कर प्रभारी अधिकारियों से उनकी गतिविधियों के बारे में विस्तार से जानकारी ली उन्होंने कोरोना की गंभीरता को देखते हुए सभी कार्मिकों को अनिवार्य रूप से फेस मास्क लगाने के निर्देश दिए। उन्होंने विविध पत्रावलियों के वर्गीकरण के साथ ही उनका समयबद्ध निस्तारण करने पर भी जोर दिया। अध्यक्ष ने राजस्व मंडल परिसर में स्वच्छता का बेहतरीन वातावरण बनाने एवं विद्युत बचत के प्रभावी उपाय अपनाने की भी जरूरत बताई।


वेंकटेश्वरन से अजमेर जिला कलेक्टर डॉ. प्रकाश राजपुरोहित, राजस्व मंडल सदस्य विनीता श्रीवास्तव, सुरेंद्र कुमार पुरोहित, मनोज कुमार नाग, राजस्व मंडल रजिस्ट्रार नम्रता वृष्णि, राजस्व अपील अधिकारी मेघना चौधरी आदि ने शिष्टाचार भेंट कर महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की। अध्यक्ष को अतिरिक्त रजिस्ट्रार आशुतोष गुप्ता, उप रजिस्ट्रार प्रिया भार्गव, बीना महावर, अतिरिक्त निदेशक रेखा शर्मा, वित्तीय सलाहकार सूरज प्रकाश मोंगा, तहसीलदार शंकरलाल, राविरा संपादक पवन शर्मा आदि ने अपने-अपने अनुभाग से संबंधित दायित्वों एवं प्रगति की जानकारी दी।


एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ