Ticker

6/recent/ticker-posts

अजमेर : कलेक्टर ने पुष्कर शेल्टर होम और क्वारेंटाइन सेंटर का किया निरीक्षण

लॉकडाउन की कराएं सख्ती से पालना : शर्मा

औद्योगिक गतिविधियों को तेज एवं सुचारू करने के दिए निर्देश


अजमेर। जिला कलेक्टर विश्वमोहन शर्मा ने पुष्कर उपखण्ड क्षेत्र में लॉकडाउन की सख्ती से पालना कराने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि बाहर से आने वाले प्रत्येक व्यक्ति का डाटा संधारित कर उसे क्वारेंटाइन में रखा जाए। कोई भी व्यक्ति बेवजह इधर-उधर नहीं घूमता मिले। औद्योगिक गतिविधियों को सुचारू और तेज करने के लिए उद्यमियों की सहायता की जाए। शेल्टर होम और क्वारेंटाइन सेन्टर में सभी व्यवस्थाएं सुचारू रखी जाएं।
     
जिला कलेक्टर विश्वमोहन शर्मा ने आज पुष्कर क्षेत्र का दौरा कर लॉकडाउन की व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। उपखण्ड अधिकारी देविका तोमर और तहसीलदार पंकज बडगुर्जर भी उनके साथ उपस्थित रहे। जिला कलक्टर ने उपखण्ड अधिकारी एवं प्रशासन को निर्देश दिए कि लॉकडाउन 3 के तहत केन्द्र व राज्य सरकार द्वारा जारी निर्देशों की अक्षरशः कराई जाए। लॉकडाउन में शाम 7 से सुबह 7 बजे तक आमजन का बाहर निकलना प्रतिबंधित किया गया है। इसे सख्ती से लागू किया जाए। दिन में भी सिर्फ अनुमत गतिविधियों के तहत ही लोगों का आना-जाना किया जा सकता है। इसका विशेष ध्यान रखा जाए।


बाहर से आने वाले व्यक्तियों को करे क्वारेंटाइन
     
जिला कलेक्टर ने उपखण्ड अधिकारी को निर्देश दिए कि पूरे पुष्कर क्षेत्र में कोई भी व्यक्ति बाहर से आता है तो उसे क्वारेंटाइन किया जाना है। इस निर्देश की पूरी गंभीरता से पालना हो। क्वारेंटाइन व्यक्ति का डाटा संधारित किया जाए। अगर वह क्वारेंटाइन निर्देशों का उल्लंघन करता है तो उसके खिलाफ सख्त कार्यवाही की जाए। राज्य सरकार ने इस संबंध में विशेष निर्देश जारी किए हैं। इनकी पालना की जाए।


औद्योगिक गतिविधियों को किया जाए सुचारू
     
उन्होंने कहा कि लॉकडाउन के साथ ही औद्योगिक गतिविधियों को सुचारू किया जाना है ताकि अर्थव्यवस्था चलती रहे। पुष्कर के आसपास कई उत्पादन फैक्टि्रयां हैं, इन्हें संचालित करने में उद्यमियों की सहायता की जाए। उन्होंने पुष्कर संचालित एक गारमेन्ट निर्माण फैक्ट्री का अवलोकन कर फैक्ट्री मालिक व श्रमिकों को सोशल डिस्टेंसिंग, सैनेटाइजेशन, मास्क तथा अन्य स्वास्थ्य नियमों की पालना के लिए निर्देश दिए। उन्होंने फैक्ट्री में फस्र्ट एड बॉक्स में दवाएं, सैनेटाईजर आदि सहीं मात्रा में रखने के लिए कहा।


शेल्टर होम में होती है प्रतिदिन रामकथा
जिला कलेक्टर ने पुष्कर में वैष्णव धर्मशाला में संचालित शेल्टर होम का निरीक्षण किया। यहां पुष्कर क्षेत्र के करीब 80 लोगों को रखा गया है। उन्होंने सभी से मुलाकात कर खाने, सफाई एवं मनोरंजन के लिए प्रशासन द्वारा किए गए इंतजामों की जानकारी ली। शेल्टर होम में रहने वाले लोगों ने उन्हें बताया कि खाना, सफाई एवं अन्य व्यवस्थाएं अच्छी है। सभी को समय पर खाना मिलता है। मनोरंजन के लिए प्रतिदिन रामकथा का वाचन होता है। उन्होंने पुष्कर क्षेत्र में होटल डेरा मसूदा में तैयार किए गए क्वारेंटाइन सेन्टर का भी निरीक्षण किया। इस अवसर पर उपखण्ड प्रशासन एवं चिकित्सा विभाग के अधिकारी उपस्थित थे।


एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ