Ticker

6/recent/ticker-posts

अजमेर विद्युत वितरण निगम लिमिटेड : पांच दिन में वसूले 42.81 करोड़

31 मार्च तक जारी रहेगा अभियान
प्रबंध निदेशक श्री वी.एस. भाटी के विशेष निर्देश पर हो रही है कार्यवाई
अजमेर। दस हजार रुपए से ज्यादा बकाया वाले विद्युत उपभोक्ताओं से बिल वसूली के लिए अजमेर विद्युत वितरण निगम लि. द्वारा चलाए गए विशेष राजस्व वसूली अभियान के शानदार परिणाम सामने आए हैं। अभियान में डिस्कॉम ने महज पांच दिनों में 42 करोड़ 81 लाख रुपए की वसूली की है। निगम यह अभियान आगामी 31 मार्च तक जारी रखेगा। अभियान के तहत बिल नहीं चुकाने वाले 14 हजार से ज्यादा उपभोक्ताओं के कनेक्शन भी काटे गए हैं।
     
अजमेर डिस्कॉम द्वारा प्रबंध निदेशक वी.एस. भाटी के निर्देश पर डिस्कॉम क्षेत्र के 88 हजार 836 उपभोक्ताओं में 372 करोड़ 9 लाख रुपए की वसूली के लिए डिस्कॉम ने पांच दिन विशेष अभियान चलाया गया। प्रबंध निदेशक भाटी ने बताया कि निगम ने 10 हजार से ज्यादा बकाया वाले उपभोक्ताोओं को चिन्हित कर अभियान में निगम के 100 वरिष्ठ अफसरों के साथ एक हजार से ज्यादा इंजीनियर्स व अन्य कर्मचारियों की टीम जुटी। निगम की टीम ने सिर्फ पांच दिन में 42.81 करोड़ रुपए की वसूली की है। अभियान की सफलता के बाद अब इसे आगामी 31 मार्च तक चलाया जाएगा।
      
भाटी ने बताया कि पांच दिन चले इस अभियान में 24 हजार 763 उपभोक्ताओं से यह राशि वसूली गई। अभियान के तहत 14 हजार 74 उपभोक्ताओं के बिजली के कनेक्शन काटे गए हैं। इनमें बिल के 26 करोड़ 95 लाख रुपए बकाया हैं। निगम अब शेष रहे उपभोक्ताओं से वसूली के अभियान में जुटेगा। निगम ने 31 मार्च तक चलने वाले अभिययान के लिए 10 हजार से अधिक बकाया वाले 50 हजार 593 उपभोक्ताओं को चिन्हित किया है। इन पर करीब 302 करोड़ 32 लाख रुपए की राशि बकाया है।
     
उन्होंने बताया कि अभियान के तहत अजमेर सिटी  सर्किल ने 96 लाख, अजमेर जिला सर्किल ने 2.05 करोड़, झुंझुनू सर्किल ने 5.81 करोड़, सीकर र्सकिल ने 4.76 करोड़, नागौर सर्किल ने 9.81 करोड़, भीलवाड़ा र्सकिल ने 3.33 करोड़, चित्तौडग़ढ़ सर्किल ने 4.45 करोड़, राजसमंद सर्किल ने 1.73 करोड़, उदयपुर सर्किल ने 7.05 करोड़, प्रतापगढ़ सर्किल ने 93 लाख,  डूंगरपुर सर्किल 1.05 करोड़ तथा बांसवाड़ा सर्किल ने 84 लाख रुपए की वसूली की। अभियान की प्रबंध निदेशक स्तर पर लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है। प्रत्येक सर्किल से रोजाना जानकारी एम डी सेल पर अपडेट की जा रही है।


एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ